बकरीद पर प्रदेश की मस्जिदों में उमड़े नमाजी

 नमाज अदा कर मांगी अमन और चैन की दुआ

लखनऊ।
बकरीद के पर्व पर रविवार को राजधानी लखनऊ के साथ ही पूरे प्रदेश की मस्जिदों में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की और अमन-चैन की दुआ मांगी। इस दौरान लखनऊ समेत मेरठ, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, सहारनपुर, बरेली तथा गोरखपुर में पुलिस काफी मुस्तैद रही। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद के पर्व पर प्रदेश वासियों को बधाई दी है।
बकरीद के पर्व पर नमाजी सुबह से ही मस्जिदों में एकत्र होकर नमाज अदा कर रहे हैं। विभिन्न मस्जिदों में नमाज का समय अलग-अलग रहा। सुबह सात बजे से प्रारंभ होकर इसका समय दोपहर दो बजे तक है। लखनऊ में ईदगाह के साथ ही टीले वाली मस्जिद में काफी भीड़ रही। कानपुर तथा प्रयागराज में बीते दिनों उपद्रव को देखते हुए मस्जिदों में सुरक्षा कड़ी की कई है। मेरठ, बरेली, सहारनपुर के साथ गोरखपुर व वाराणसी में भी बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिदों में एकत्र हैं।
गोरखपुर में कोरोना महामारी के दो साल बाद बकरीद पर्व परंपरा, अकीदत व उत्साह के साथ मनाया गया। सभी ईदगाहों व मस्जिदों में अलग- अलग समय पर सुबह 5:45 से नमाज शुरू हो गई। तकरीर हुई। खुतबा पढ़ा गया। मुल्क की खुशहाली, तरक्की, शांति व भाईचारगी के लिए दुआ मांगी गई। छोटे से लेकर बड़ों ने एक दूसरे से गले लगकर मुबारकबाद दी।
ईदगाह मुबारक खां शहीद नार्मल, ईदगाह बहरामपुर, ईदगाह फतेहपुर, ईदगाह बेनीगंज, ईदगाह इंजीनियरिंग कालेज, मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती, जामा मस्जिद उर्दू बाजार, जामा मस्जिद रसूलपुर, गौसिया जामा मस्जिद छोटे काजीपुर, जामा मस्जिद सुब्हानिया तकिया कवलदह, चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर, सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफरा बाजार, सुन्नी जामा मस्जिद सौदागर मोहल्ला, सुन्नी बहादुरिया जामा मस्जिद रहमतनगर सहित सभी इबादतगाहों पर नमाज अदा करने के लिए काफी लोग जमा हुए। नमाज के बाद लोग कब्रिस्तानों में फातिहा पढ़ने भी पहुंचे।
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी बकरीद की बधाई
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश वासियों को बकरीद की बधाई दी है। राज्यपाल ने कहा कि बकरीद का त्योहार सभी सभी लोग मिलकर सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद के पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें मिल-जुलकर रहने और आपसी सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। योगी आदित्यनाथ ने अपील की कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी जरूरी सावधानियां बरतते हुए त्योहार को मनाएं। उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी लोगों को मुबारकबाद दी है और उनके सुख-समृद्धि की कामना की है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि इस प्रमुख त्योहार को आपसी सौहार्द एवं हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts