सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ माहौल
- शिवालयों में हर हर महादेव की गूंजलखनऊ।
सावन के पहले सोमवार पर राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के सभी शिवालय हर हर महादेव की आवाज से गूंज उठे। भक्तों ने सुबह से ही कतार में लगकर दर्शन पूजन किया। धार्मिक नगरी वाराणसी और राजधानी लखनऊ शिवमय नजर आई।
सोमवार सुबह से ही भक्त शिवमंदिरों में पहुंचने लगे और शिवालय हर हर महादेव की जयघोष से गूंज उठे। इस मौके पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद भी शिवलिंग पर जलाभिषेक करने पहुंचे और दर्शन-पूजन किए।
शिव मंदिरों में भोलेनाथ के निर्बाध दर्शन की व्यवस्था की गई है। जलाभिषेक, रुद्राभिषेक के साथ भस्म व महाआरती का आयोजन किया जा रहा है । आज के दिन मंदिरों में सिर्फ एक से डेढ़ घंटे का विश्राम होगा। इस दौरान महादेव को शयन, भोग कराकर शाम की आरती की तैयारियां की जाएंगी।
मनकामेश्वर में भोर में चार बजे खुले कपाट
मनकामेश्वर मंदिर के कपाट भोर में चार बजे खुल गए। महंत देव्यागिरी ने बताया कि दिन भर मंदिर खुला रहेगा। शाम को 6.30 बजे आरती होगी। उसके एक घंटे पहले बस मंदिर को आरती की तैयारियों के लिए बंद किया जाएगा। बाबा का हरियाली शृंगार किया गया है।
रात 12 बजे ही शुरू हो गया रुद्राभिषेक
राजेंद्र नगर स्थित महाकाल मंदिर के व्यवस्थापक अतुल मिश्रा ने कहा कि मंदिर में रविवार रात 12 बजे से ही रुद्राभिषेक शुरू हो गया है जो कि भोर में चार बजे तक चला। इसके बाद भस्म आरती हुई।
No comments:
Post a Comment