जुमे की नमाज के बाद कई शहरों में प्रदर्शन

नुपुर शर्मा व नवीन जिंदल के खिलाफ कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली (एजेंसी)।
पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मुस्लिम समुदाय में रोष है। जुमे की नमाज के बाद देशभर  के कई शहरों में प्रदर्शन किया गया। इस क्रम में तेलंगाना, दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और हावड़ा के साथ ही उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, लखनऊ और प्रयागराज में भी प्रदर्शन हुए। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो और यदि ऐसा होता है तो कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया। पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद उपद्रवी एवं असामाजिक तत्व नारेबाजी के साथ पथराव करने लगे। छतों से भी पत्थर फेंके गए। पुलिस, आरएएफ और पीएसी ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा, लेकिन उपद्रवी सुनियोजित तरीके से थोड़ी-थोड़ी देर में पत्थरबाजी करते रहे।
राजधानी लखनऊ स्थित टीले वाली मस्जिद परिसर में भी विरोध प्रदर्शन हुआ। हरकत में आई पुलिस ने तुरंत मस्जिद को खाली कराया। इसके अलावा सहारनपुर के देवबंद में भी हजारों की संख्या में लोगों ने नारेबाजी की। मुरादाबाद और बिजनौर जिले में भी नमाजियों ने विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है।
कानपुर में जहां शांति रही वहीं सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद लोगों ने घंटाघर तक विरोध जुलूस निकाला और फिर नारे लगाकर रोड पर जाम लगा दिया। सहारनपुर की जामा मस्जिद में हजारों की संख्या में नमाजियों ने नमाज पढ़ने के बाद मस्जिद के बाहर नारेबाजी की।
मेरठ में जुमे की नमाज पर जनपद में आज सुबह ही हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था। इंटरनेट मीडिया पर भारत बंद की अफवाह फैलाने वालों पर सीधे मुकदमे के आदेश दिए गए है।



रांची में पत्थरबाजी, कई पुलिसकर्मी घायल
रांची (एजेंसी)। नूपुर शर्मा के बयान के विरोध में शुक्रवार को एक विशेष समुदाय के लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान रांची स्थित डेली मार्केट में दुकानें बंद रहीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। उग्र प्रदर्शनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी भी की। उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस ने जब लाठीचार्ज किया तो भीड़ की ओर से पत्थर चलाये गये। पत्थरबाजी में पुलिस के कई जवानों को चोटें लगीं। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
कर्नाटक के कलबुर्गी स्थित मुस्लिम चौक के पास जहां रजा अकेडमी ने प्रदर्शन किया वहीं तेलंगाना स्थित मक्का मस्जिद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस बीच पुलिस ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शन कर रही भीड़ पर काबू कर लिया। इलाके में पुलिस की तैनाती भी बढ़ा दी गई है।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। इस क्रम में देश की राजधानी दिल्ली स्थित जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन जारी है। हालांकि शाही इमाम ने कहा, 'ऐसे किसी विरोध प्रदर्शन के लिए एलान नहीं किया गया था।' डीसीपी श्वेता चौहान ने कहा, 'जामा मस्जिद में नमाज के लिए करीब 1,500 लोग जमा थे। नमाज के बाद करीब 300 लोग बाहर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। 10-15 मिनटों में ही हमने हालात को नियंत्रण में कर लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts