महिलाएं खुद से जुड़े फैसले स्वयं लें : सीडीओ

जिला महिला चिकित्सालय में 42 कन्याओं का जन्मोत्सव मनाया गया
बच्चियों को बेटी किट और जन्मोत्सव सम्मान पत्र प्रदान किया
 
गाजियाबाद, 27 मई, 2022।  जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विक्रमादित्य सिंह मलिक शुक्रवार को जिला महिला चिकित्सालय में “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे। इस मौके पर जिला महिला चिकित्सालय में जन्म लेने वाली 42 कन्याओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के लिए बालिकाओं से केक कटवाया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा 42 बच्चियों को बेटी किट और कन्या जन्मोत्सव सम्मान पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस मौके पर सीडीओ ने कहा- समय आ गया है कि महिलाएं खुद से जुड़े फैसले स्वयं लें, सही मायने में हम तभी महिला सशक्तीकरण को सार्थक कर पाएंगे। उन्होंने कहा - चाहें पढ़ाई, खेल- कूद हो या अंतरिक्ष विज्ञान का मामला हो, हमारे देश की बेटियां किसी से पीछे नहीं हैं। वह अब निरंतर आगे बढ़ रही हैं और अपनी उपलब्धियों से देश का मान बढ़ा रही हैं। 
मुख्य विकास अधिकारी  ने कहा- महिलाओं के हित व संरक्षण के लिए देश में कई प्रकार के कानून बनाए गए हैं, जिनका उन्हें लाभ लेना चाहिए। उन्होंने कहा- हमें समाज में ही नहीं, बल्कि परिवार में भी महिलाओं और पुरुषों के बीच भेदभाव को रोकना होगा। कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में जिला महिला चिकित्सालय में जन्म लेने वाली 42 कन्याओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के लिए बालिकाओं से केक कटवाया गया। इसके साथ ही सीडीओ ने 42 बच्चियों को बेटी किट और कन्या जन्मोत्सव सम्मान पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । 
इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय की चिकित्सा अधीक्षिक डा. संगीता गोयल और जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चन्द्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम के पश्चात् मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से एमएनसीयू तथा एसएनसीयू का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के समय नवजात बच्चों को उपलब्ध करायी जा रहीं सेवाओं की गुणवत्ता संतोषजनक पायी गयी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts