वरुण गांधी ने फिर किया किसानों का समर्थन
नई दिल्ली (एजेंसी)।भारतीय जनता पार्टी के पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का एक बार फिर समर्थन किया है। गुरुवार को उन्होंने किसानों के समर्थन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का एक वीडियो अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया। इसके साथ ही उन्होंने इशारों-इशारों में बता दिया है कि सरकार किसानों के आंदोलन का दमन कर रही है और ऐसे में वे अपने फर्ज को ध्यान में रखते हुए किसानों के साथ खड़े हैं।
गुरुवार को पोस्ट 41 सेकेंड के वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, एक बड़े दिल के नेता द्वारा कही गई बुद्धिमानी की बात। वीडियो तब का है जब अटल बिहारी वाजपेयी विपक्ष में थे।
वीडियो में अटल बिहारी वाजपेयी किसी जनसभा में सरकार को चेतावनी देते हुए कहते हैं, ''मैं इन किसानों को डराने वाली सरकार को चेतावनी देना चाहता हूं। हमें डराने की कोशिश ना करो। ये किसान डरने वाले नहीं हैं। हम किसानों के आंदोलन का उपयोग राजनीति के लिए नहीं करना चाहते हैं। हम उनकी जायज मांगों का समर्थन करते हैं।
वरुण और भाजपा में जारी है रस्साकशी
वरुण गांधी और भाजपा में इशारों-इशारों में रस्साकशी चल रही है। वरुण गांधी लगातार किसानों के हक में आवाज बुलंद करते रहे हैं। चाहे गन्ना के समर्थन मूल्य को बढ़ाने की बात हो या किसानों के आंदोलन को आगे बढ़ाने की, वे आगे बढ़कर लगातार किसानों का समर्थन कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts