मेरठ। सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट में बने गैस चलित शवदाह गृह में गैस सप्लाई को निशुल्क करने की मांग की गई है। इस संबंध में संयुक्त व्यापार समिति ने एक ज्ञापन मंडलायुक्त को सौंपा है। जिसमें कहा गया है कि कोरोना महामारी के चलते सूरज कुंड स्थित शमशान घाट पर गैस चलित शवदाह गृह अगले आने वाले 15 से 20 दिन में कार्यशील होने की स्थिति में होगा। मांग में कहा गया है इस शवदाहगृह का लगभग सब कार्य अपने अंतिम चरण में है। इसमें 100 फुट ऊंची चिमनी भी लगाई जा चुकी है। इस शवदाहगृह को संचालित करने के लिए पीएनजी गैस की आवश्यकता होगी। जिसकी आपूर्ति को गेल गैस ने सुनिश्चित किया है। एक शव का पूर्ण रूप से दाह संस्कार करने में लगभग 16 से 17 किलो पीएनजी गैस की आवश्यकता होगी। संयुक्त व्यापार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त को बताया कि गेल गैस की आपूर्ति लगभग सम्पूर्ण मेरठ में हो रही है। एक बड़ी संख्या में इसके उपभोक्ता मेरठ महानगर में हैं। व्यापारियों ने मंडलायुक्त से अनुरोध किया कि गेल गैस कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर सूरजकुंड पर नि:शुल्क गैस की आपूर्ति किये जाने की आवश्यकता है। जिससे लोगों को शव दहन के लिए लकड़ी के स्थान पर गैस आधारित शवदाहगृह के लिए प्रेरित किया जा सके। इससे लावारिस शवों का रीति रिवाज़ों के साथ बिना प्रदूषण फैलाये अंतिम संस्कार किया जा सकेगा।इस मौके पर संयुक्त व्यापार समिति के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महामंत्री विपुल सिंघल, कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता, उपाध्यक्ष सुशील रस्तोगी, मुकेश कुमार, विकास गोयल, अमित जैन, सचिन मोहन आदि उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment