मेरठ। शहर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर में मस्जिद की दीवार गिरने से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घायलों में दो की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। उधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का कार्य शुरू किया।
बताया गया कि अहमदनगर गली नंबर-9 में मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़कर लोग घर लौट रहे थे। वहीं तेज बारिश आने के चलते कुछ लोग मस्जिद में ही रुक गए। इसी दौरान मस्जिद की एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई, जिसमें एक दर्जन लोग दब गए। इस दौरान चीख-पुकार मच गई और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। किसी तरह उन्होंने दीवार के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
उधर, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर विधायक रफीक अंसारी भी मौके पर पहुंच गए।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि दो लोगों के मरने की पुष्टि डॉक्टर द्वारा की गई है, इनमें एक का नाम अफगान (32) है। दो लोगों की हालत गंभीर बनी है, जबकि इस हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। सभी को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
No comments:
Post a Comment