ताकि महिलाओं का हो सके टीकाकरण



लखनऊ । महिलाओं में टीकाकरण की धीमी गति को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में महिलाओं के लिए दो- दो स्पेशल टीकाकरण बूथ बनाए जाएंगे। इसका शुभारंभ सोमवार यानी सात जून को होगा। 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को महिला स्पेशल टीकाकरण बूथ बनाने का निर्देश दिया है। अब सोमवार से समस्त जनपद के महिला चिकित्सालय तथा संयुक्त चिकित्सालय में दो स्पेशल बूथ का संचालन किया जाएगा। यहां सिर्फ महिलाओँ का टीकाकरण होगा। इन बूथों पर सभी स्टॉफ भी महिला कर्मचारी होंगे। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि हर जिले में अभिभावक स्पेशल टीकाकरण केंद्र की तर्ज पर महिला टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे। यहां सिर्फ महिलाओं को टीका लगाया जाएगा।  
उधर, टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को तेज किया जाए। एक जून से सभी जिलों में टीकाकरण चल रहा है। इसकी लगातार मानीटरिंग की जाए। लोगों को टीकाकरण के बारे में जागरूकता अभियान निरंतर चलता रहे।
गुरुवार शाम तक प्रदेश में कुल एक करोड़ 94 लाख 12 हजार 540 डोज लगाए जा चुके हैं। इसमें एक करोड़ 58 लाख 51 हजार नौ सौ 31 को पहली डोज और 35 लाख 60 हजार 609 को दूसरी डोज लगाई गई है। प्रदेश में टीकाकरण के लिए 6027 केंद्र बनाए गए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts