80 महिलाओं ने ली पहली खुराक, 40 अकेले डासना सीएचसी में


-         माला-एन, छाया और आईयूसीडी पर भी जताया महिलाओं ने भरोसा


 



गाजियाबाद, 09 अप्रैल, 2021। शासन के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस और अंतरा दिवस एक साथ मनाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनके गुप्ता ने बताया इस विशेष अंतरा दिवस का आयोजन कोविड काल में  सामुदायिक गतिविधियों के प्रभावित होने से परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देने  के लिए किया गया । परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ डा. विश्राम सिंह ने बताया जनपद में शुक्रवार को 50 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इसका आयोजन किया गया। डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सबसे ज्यादा 40 महिलाओं ने त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा अपनाया। दूसरा नंबर लोनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रहा, यहां 19 महिलाओं ने अंतरा अपनाया। लोनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी डा. राजेश तेवतिया के निर्देशन में डा. रीता आर्या ने अंतरा को लेकर महिलाओं की शंका का समाधान किया। इस मौके पर परिवार नियोजन विशेषज्ञ खालिद हुसैन भी मौजूद रहे।
डा. सिंह ने बताया विशेष अंतरा दिवस के मौके पर  जनपद में कुल 130 महिलाओं को अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन लगाए गए। इनमें से 80 महिलाओं ने अंतरा की पहली खुराक ली। सबसे ज्यादा 40 महिलाओं ने डासना सीएचसी में अंतरा इंजेक्शन की पहली खुराक ली, जबकि लोनी में कुल 19 महिलाओं ने पहली बार अंतरा अपनाया। बाकी 20 महिलाएं अंतरा की दूसरी खुराक लेने वाली थीं। 10 महिलाएं शुक्रवार को विशेष अंतरा दिवस के मौके पर तीसरी खुराक लेने पहुंचीं। अंतरा एक सुरक्षित गर्भ निरोधक इंजेक्शन है। अनचाहे गर्भ से बचने के लिए तीन माह पर केवल एक बार यह इंजेक्शन लगवाना पड़ता है। पहली बार इंजेक्शन डाक्टर की देखरेख में लगाया जाना जरूरी होता है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसपीए) दिवस के मौके पर विशेष अंतरा दिवस के आयोजन का एक उद्देश्य यह भी था कि सभी केंद्रों पर डाक्टर की मौजूदगी थी। 
अंतरा केयर लाइन पर कराएं पंजीकरण :
अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन की पहली खुराक लेने वाली सभी महिलाओं को बतया गया कि वह अंतरा केयर लाइन 1800-103-3044 पर कॉल करके अपना पंजीकरण करा लें। यह टोल फ्री सुविधा रोजाना सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक उपलब्ध रहती है। अंतरा केयर लाइन पर महिलाएं हर उस शंका का समाधान कर सकती हैं जिसके बारे में पूछने पर वह संकोच करती हैं। अंतरा केयर लाइन से अगली खुराक की तारीख से पहले रिमाइंडर और समय-समय पर जरूरी अपडेट भी खुद-ब- खुद पंजीकृत नंबर पर मिलते रहते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts