सीएमओ कार्यालय से निकाली गयी जागरूकता रैली
दस्तक पखवाड़ा 10 से 24 मार्च तक चलेगा
नोएडा, 1 मार्च 2021। जनपद में सोमवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नोएडा सेक्टर ३९ से जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दीपक ओहरी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), नोएडा विकास प्राधिकरण से छिड़काव कर्मियों, फॉगिंग कर्मियों ने फॉगिंग मशीन व छिड़काव पंप के साथ प्रतिभाग किया। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को संचारी रोगों से बचाव से संबंधित शपथ ग्रहण करवाई गई। इसके अलावा राजकीय इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा भी संचारी रोग से बचाव एवं आस पास के लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए शपथ ग्रहण करवाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. ओहरी ने बताया सोमवार (एक मार्च) से शुरू हुआ संचारी रोग नियंत्रण अभियान ३१ मार्च तक चलेगा। इस अभियान की कड़ी में १० से २४ मार्च तक दस्तक अभियान चलेगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में जहां वेक्टर जनित रोगों को खत्म करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम संचालित किये जाएंगे, वहीं दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर दस्तक देंगी और वह घरों में मौजूद बुखार पीड़ितों व क्षय रोगियों की सूची तैयार करेंगी, लोगों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित करेंगी। इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र पंजीकरण में भी मदद करेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दीपक ओहरी ने बताया संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इस अभियान में शामिल सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है, जिसमें शामिल सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां बता दी गयीं हैं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है, अन्य विभाग अभियान में स्वास्थ्य विभाग की मदद करेंगे।
अभियान के नोडल अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लाक स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं व एएनएम को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। द्स्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता लक्षणों के आधार पर संभावित क्षय रोगियों का पता लगाएंगी। घर में किसी व्यक्ति में रोग के लक्षण मिलने पर उस घर पर निशान लगा कर उसके बारे में एएनएम के माध्यम से ब्लाक मुख्यालय को जानकारी देंगी। जानकारी के आधार पर जांच कराकर क्षय रोगी का निशुल्क उपचार कराया जाएगा। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर संवेदीकरण एवं सर्वेक्षण का कार्य भी करेंगी। जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से छूट गये शिशुओं/व्यक्तियों के पंजीकरण की कार्यवाही करेंगी। अभियान में उन बच्चों पर भी नजर रखी जाएगी जिन्हें पोषण की जरूरत है। आशा कार्यकर्ता लोगों को मच्छर जनित रोगों (मलेरिया, डेंगू- चिकनगुनिया) के बारे में जानकारी देकर उन्हें इससे बचने के तरीके बताएंगी। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जागरूकता के लिए गांवों में रैली निकाली जाएगी। अभियान के दौरान एंटी लार्वा का छिड़काव मलेरिया विभाग द्वारा किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment