संविधान के संकल्प से गूंजा PVVNL कार्यालय, एमडी रवीश गुप्ता समेत अधिकारियों ने ली शपथ
प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प
मेरठ। संविधान के आदर्श केवल किताबों तक सीमित न रहें, बल्कि सरकारी कामकाज और जनसेवा में भी दिखाई दें। इसी संकल्प के साथ गुरुवार को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के कार्यालय में संविधान दिवस मनाया गया। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
कार्यक्रम में निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एनके मिश्रा और निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर मौजूद रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान में निहित आदर्शों और सिद्धांतों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने का संकल्प दोहराया।
जनसेवा में दिखे संवैधानिक मूल्य
शपथ ग्रहण के दौरान भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संकल्प को दोहराया गया। साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात करने पर जोर दिया गया।
निष्पक्षता और पारदर्शिता से काम करने का संकल्प
कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि संविधान की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी है। सभी ने निष्पक्षता, समानता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता मो. सगीर, मुख्य अभियंता तकनीकी राजकुमार, मुख्य अभियंता गुलाब सिंह, कंपनी सेक्रेटरी जीतेश ग्रोवर, अधिशासी अभियंता एवं स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment