अदालत में आमने-सामने होंगे सनी देओल और अक्षय खन्ना, ‘इक्का’ का 29 नवंबर को होगा टीवी प्रीमियर

तीन दशक बाद फिर साथ नजर आएंगे दोनों दिग्गज कलाकार, रिश्तों, पुराने राज और इंसाफ की जंग से भरपूर होगी कोर्टरूम ड्रामा

मुंबई। जब कानून की लड़ाई व्यक्तिगत दुश्मनी और पुराने रिश्तों के टकराव में बदल जाए, तो इंसाफ की राह कितनी मुश्किल हो सकती है? इसी सवाल के साथ सनी देओल और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘इक्का’ दर्शकों के सामने आने वाली है। फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर रविवार, 29 नवंबर को रात आठ बजे जी सिनेमा पर होगा।

निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी और अल्केमी फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म में करीब तीन दशक बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना एक बार फिर साथ नजर आएंगे। फिल्म ‘बॉर्डर’ में अपनी यादगार साझेदारी के बाद दोनों कलाकार इस बार अदालत में एक-दूसरे के सामने होंगे। हालांकि, इस बार कहानी का मैदान युद्धभूमि नहीं, बल्कि कोर्टरूम है, जहां दलीलों के साथ अतीत के राज भी खुलेंगे।

एक केस, जो वकील की जिंदगी को बना देगा जंग का मैदान

फिल्म की कहानी मशहूर वकील अर्जुन मेहरा (सनी देओल) के इर्द-गिर्द घूमती है। अर्जुन अपने सिद्धांतों और इंसाफ के लिए लड़ने वाले वकील के रूप में जाना जाता है। उसकी जिंदगी में तब बड़ा मोड़ आता है, जब उसे शौर्यमान गौर (अक्षय खन्ना) का केस लड़ना पड़ता है। शौर्यमान उसके अतीत से जुड़ा ऐसा व्यक्ति है, जिसका मुकदमा लड़ने के लिए वह कभी तैयार नहीं होता।

एक कानूनी मामला धीरे-धीरे अर्जुन की निजी जिंदगी की सबसे बड़ी लड़ाई बन जाता है। पुराने जख्म, छिपी हुई सच्चाइयां और रिश्तों के बीच वफादारी की परीक्षा उसके सामने खड़ी हो जाती है। परिवार का भविष्य भी दांव पर होने के कारण अर्जुन का हर फैसला मुश्किल होता चला जाता है।

दीया मिर्जा और तिलोत्तमा शोम भी निभाएंगी अहम किरदार

फिल्म में दीया मिर्जा अर्जुन की पत्नी अवंतिका के किरदार में नजर आएंगी, जबकि तिलोत्तमा शोम दृढ़ निश्चयी सरकारी वकील मधुरा बनर्जी की भूमिका निभा रही हैं। मधुरा भी इंसाफ की लड़ाई में किसी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं है। ऐसे में अदालत के भीतर होने वाली बहस और किरदारों के बीच भावनात्मक टकराव कहानी को और दिलचस्प बनाते हैं।

इंसाफ और रिश्तों के बीच उलझेगी कहानी

‘इक्का’ केवल कानूनी दांव-पेच की कहानी नहीं है, बल्कि यह भी दिखाती है कि अपने परिवार, रिश्तों और सिद्धांतों को बचाने के लिए इंसान किस हद तक जा सकता है। दमदार अभिनय, पुराने रिश्तों के रहस्य और अदालत में तीखी बहस दर्शकों को रोमांचक अनुभव देने का वादा करते हैं।

फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 29 नवंबर, रविवार को रात आठ बजे सिर्फ जी सिनेमा पर होगा।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts