दिल्ली-NCR में प्रदूषण का अलर्ट, GRAP-2 लागू; गाड़ियों से लेकर निर्माण कार्यों तक पर सख्ती

दिल्ली का एक्यूआई 324 पहुंचने पर CAQM ने लिया फैसला, पहले से लागू GRAP-1 के साथ दूसरे चरण की पाबंदियां भी तत्काल प्रभाव से लागू

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सोमवार को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बढ़कर 324 पहुंच गया है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी हवा की गुणवत्ता में जल्द सुधार की संभावना कम है।

तीन दिन में तेजी से बिगड़ी हवा

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर तीन दिनों में तेजी से बढ़ा है। 31 अक्टूबर को एक्यूआई 117 था, जो मध्यम श्रेणी में आता है। एक नवंबर को यह बढ़कर 261 पहुंच गया और दो नवंबर को 324 दर्ज किया गया। हवा की गुणवत्ता में लगातार गिरावट और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए आयोग ने सख्त कदम उठाया है।

GRAP-1 के साथ लागू होंगे दूसरे चरण के उपाय

GRAP की उपसमिति की सोमवार को हुई बैठक में मौजूदा प्रदूषण की स्थिति और मौसम विभाग (IMD) तथा भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमानों की समीक्षा की गई। इसके बाद पूरे एनसीआर में GRAP-2 लागू करने का निर्णय लिया गया। इससे पहले 21 अक्टूबर को पहले चरण की पाबंदियां लागू की गई थीं। अब पहले और दूसरे चरण के सभी उपाय एक साथ लागू रहेंगे।

गाड़ियों और निर्माण कार्यों पर रहेगी निगरानी

GRAP-2 के तहत सड़कों की नियमित सफाई और पानी का छिड़काव बढ़ाया जाएगा। धूल उड़ने से रोकने के लिए निर्माण स्थलों पर निगरानी सख्त होगी। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास होंगे। साथ ही सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और निजी वाहनों का कम उपयोग करने की अपील की जाएगी।

एजेंसियों को सख्ती से पालन कराने के निर्देश

CAQM ने एनसीआर की सभी संबंधित एजेंसियों को GRAP के पहले और दूसरे चरण के उपायों को पूरी तत्परता से लागू करने, उनकी निगरानी करने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने लोगों से भी नागरिक चार्टर का पालन करने और प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की है।

आयोग की उपसमिति मौसम और प्रदूषण के स्तर पर लगातार नजर रखेगी। IMD और IITM के पूर्वानुमानों के आधार पर आगे की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts