एसजीपीजीआई की भर्ती परीक्षा रद्द, बायोमीट्रिक गड़बड़ी पर मचा हंगामा; जांच करेगी एसटीएफ
नर्सिंग ऑफिसर और हॉस्पिटल अटेंडेंट के 1800 पदों के लिए होनी थी परीक्षा, सात केंद्रों पर दो पालियों में शामिल होने थे करीब 8500 अभ्यर्थी
लखनऊ। संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) की नर्सिंग ऑफिसर और हॉस्पिटल अटेंडेंट भर्ती परीक्षा सोमवार को हंगामे के बाद रद्द कर दी गई। परीक्षा केंद्रों पर बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के बाद अभ्यर्थियों ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं होने के बावजूद कुछ लोगों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि दूसरे अभ्यर्थियों को रोका जा रहा है। विवाद बढ़ने पर संस्थान प्रशासन ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। मामले की जांच एसटीएफ को सौंप दी गई है।
सात केंद्रों पर होनी थी परीक्षा
एसजीपीजीआई की ओर से नर्सिंग ऑफिसर और हॉस्पिटल अटेंडेंट के कुल 1800 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित की जा रही थी। इसके तहत सात परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होनी थी। इसमें करीब 8500 अभ्यर्थियों को शामिल होना था।
बायोमीट्रिक खराबी से बिगड़ी व्यवस्था
परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम में खराबी आ गई। इससे अभ्यर्थियों के सत्यापन और प्रवेश को लेकर विवाद शुरू हो गया। लखनऊ के ज्यूरिस लॉ कॉलेज में अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि प्रवेश प्रक्रिया में भेदभाव किया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी सात केंद्रों की दोनों पालियों की परीक्षाएं रद्द कर दीं।
एसटीएफ करेगी पूरे मामले की जांच
एसजीपीजीआई की जनसंपर्क अधिकारी कुसुम यादव ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण परीक्षा में व्यवधान आया, जिसके चलते इसे रद्द करना पड़ा। मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी गई है। जांच में सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
परीक्षा रद्द होने से हजारों अभ्यर्थियों को निराशा हुई है। अब उन्हें परीक्षा की अगली तारीख घोषित होने का इंतजार रहेगा।


No comments:
Post a Comment