MDA के दरवाजों पर किसानों का ताला, 2.81 करोड़ के बकाये पर आर-पार की लड़ाई
तीसरे दिन आंदोलन ने पकड़ा जोर, लोहियानगर-वेदव्यासपुरी और गंगानगर के किसानों ने दोनों गेट बंद किए; पुलिस-पीएसी की मौजूदगी में खुलवाए गए ताले
मेरठ। सालों से प्रतिकर का इंतजार कर रहे किसानों का सब्र बुधवार को जवाब दे गया। बकाया भुगतान नहीं मिलने से नाराज किसानों ने मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) के दोनों प्रवेश द्वारों पर ताले जड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। लोहियानगर, वेदव्यासपुरी और गंगानगर आवासीय योजनाओं से प्रभावित किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। शाम करीब चार बजे गेट बंद होने की सूचना पर अधिकारियों में खलबली मच गई। पुलिस और पीएसी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने ताले खोल दिए, लेकिन आंदोलन खत्म करने से साफ इनकार कर दिया।
11 साल पुराना समझौता, भुगतान अब भी अधूरा
किसानों की नाराजगी की वजह वर्ष 2015 में हुआ समझौता है। संयुक्त किसान संघर्ष समिति का कहना है कि 22 मई 2015 को तत्कालीन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसानों के साथ समझौता हुआ था। इसके बाद 28 सितंबर 2016 को एमडीए बोर्ड की बैठक में अतिरिक्त प्रतिकर देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, लेकिन किसानों को उसका पूरा लाभ नहीं मिला। समिति के मुताबिक, 2 करोड़ 81 लाख 68 हजार रुपये का भुगतान अब भी लंबित है।
अधिकारियों के सामने रखीं तीन मांगें
गेटों पर ताले लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंच गई। सीओ सिविल दीक्षा भोरिया ने किसानों से बातचीत कर शांतिपूर्ण तरीके से धरना जारी रखने और गेट खोलने की अपील की। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने भी मौके पर पहुंचकर किसानों से वार्ता की। किसानों ने बढ़े हुए प्रतिकर का लाभ देने, 2.81 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान कराने और मंडलायुक्त से मुलाकात कराने की मांग उठाई। अधिकारियों से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद दोनों गेट खोल दिए गए। एहतियातन परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।
किसानों का दो टूक जवाब- हक लेकर ही हटेंगे
किसान नेता अज्जू गुर्जर ने कहा कि समझौते के बावजूद किसानों को उनका अधिकार नहीं मिला है। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। किसान गौरव गुर्जर ने भी भुगतान में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की आवाज लगातार अनसुनी की जा रही है। जब तक लंबित प्रतिकर नहीं मिलेगा, धरना समाप्त नहीं होगा।
बुधवार को गेटों पर ताले लगाने की घटना ने किसानों और एमडीए के बीच बढ़ते तनाव को सामने ला दिया। किसानों ने साफ कर दिया है कि अब उनका आंदोलन ठोस कार्रवाई के बाद ही थमेगा।



No comments:
Post a Comment