तार चोरी के गैंगस्टर केस में 50 हजार का इनामी अरबाज गिरफ्तार, STF ने रेलवे स्टेशन पर दबोचा
गैंगस्टर मुकदमा दर्ज होने के बाद लगातार बदल रहा था ठिकाने, बागपत के दोघट में साथियों के साथ की थी तार चोरी की बड़ी वारदात
मेरठ। तार चोरी के मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद फरारी काट रहे 50 हजार रुपये के इनामी अरबाज को मेरठ एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। मंगलवार रात एसटीएफ ने बुलंदशहर के बराल रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है।
कबाड़ की दुकान पर हुई थी साथियों से मुलाकात
एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार अरबाज पुत्र उम्मेद मेरठ की जाकिर कॉलोनी में एक कबाड़ की दुकान पर काम करता था। जनवरी 2024 में मनोज और अक्षय नाम के दो युवक चोरी का सामान बेचने उसकी दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान अरबाज की दोनों से जान-पहचान हो गई। धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ी और तीनों ने मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
दोघट में की थी तार चोरी की बड़ी वारदात
मार्च 2024 में अरबाज ने अपने दोनों साथियों मनोज और अक्षय के साथ बागपत के दोघट थाना क्षेत्र में तार चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में जांच के आधार पर तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मामले में अरबाज फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा।
बराल रेलवे स्टेशन पर बिछाया जाल
फरार अरबाज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद मेरठ एसटीएफ ने उसकी तलाश तेज कर दी। मंगलवार रात टीम को उसके बुलंदशहर में होने की सूचना मिली। निगरानी के बाद बराल रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एएसपी एसटीएफ मेरठ बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि अरबाज जाकिर कॉलोनी में कबाड़ की दुकान पर काम करता था। चोरी का सामान बेचने आए मनोज और अक्षय से उसकी दोस्ती हुई थी। तीनों ने मिलकर तार चोरी की वारदात की थी। गैंगस्टर के मुकदमे में फरार चल रहे अरबाज पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे बराल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है।


No comments:
Post a Comment