विशाखापट्टनम की HPCL रिफाइनरी में भीषण धमाका, आसमान छूती लपटें देख मची अफरातफरी
क्रूड प्रोसेसिंग यूनिट-3 में हुआ विस्फोट, अलार्म बजते ही खाली कराया रिहायशी इलाका; कई दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में सोमवार रात हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) की तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट के बाद रिफाइनरी में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिन्हें दूर-दूर तक देखा गया। आसमान में धुएं का गुबार छा गया और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर रिफाइनरी का अलार्म बजते ही आसपास के रिहायशी इलाके को खाली करा लिया गया।
क्रूड प्रोसेसिंग यूनिट-3 में हुआ विस्फोट
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रिफाइनरी की क्रूड प्रोसेसिंग यूनिट-3 में धमाका हुआ। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला।
अलार्म बजते ही खाली कराया गया रिहायशी इलाका
धमाके के बाद रिफाइनरी में आपातकालीन अलार्म बजाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन आसपास के रिहायशी इलाके को खाली कराना शुरू कर दिया। डीसीपी ऐश्वर्या रस्तोगी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीमें भेजी गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
2013 में भी हुआ था बड़ा हादसा
विशाखापट्टनम की इसी रिफाइनरी में वर्ष 2013 में भी कूलिंग टावर में धमाका हुआ था। उस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 37 लोग घायल हुए थे। सोमवार रात हुए ताजा विस्फोट के कारणों और नुकसान का फिलहाल आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


No comments:
Post a Comment