डिग्री के इंतजार में महीनों से भटक रहे छात्र, CCSU के बीएड काउंटर पर उमड़ा हुजूम

दीपावली की छुट्टियों के बाद खुला विश्वविद्यालय तो लगी लंबी कतारें, टीजीटी भर्ती की अंतिम तिथि नजदीक; दो कर्मचारियों के भरोसे सैकड़ों छात्र

मेरठ। टीजीटी भर्ती में आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक है, लेकिन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) से डिग्री और मार्कशीट हासिल करने के लिए छात्रों को महीनों इंतजार करना पड़ रहा है। दीपावली की छुट्टियों के बाद सोमवार को विश्वविद्यालय का कैंपस खुलते ही बीएड काउंटर पर छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे छात्र घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। हैरानी की बात यह रही कि इतनी भीड़ के बावजूद काउंटर पर महज दो कर्मचारी ही तैनात थे।

छात्रों का कहना है कि उन्होंने कई महीने पहले डिग्री और मार्कशीट के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक दस्तावेज नहीं मिले हैं। नियमानुसार आवेदन के दो दिन के भीतर डिग्री का सत्यापन हो जाना चाहिए, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी उनकी डिग्रियां लंबित हैं। टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण छात्रों की चिंता बढ़ गई है। समय पर दस्तावेज नहीं मिलने से भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने पर संकट खड़ा हो सकता है।

दो कर्मचारी संभाल रहे भीड़, घंटों कतार में खड़े रहे छात्र

कैंपस खुलने के बाद बीएड काउंटर पर अचानक बढ़ी भीड़ के कारण व्यवस्था चरमरा गई। दूर-दराज से आए छात्रों को अपने दस्तावेज हासिल करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। छात्रों का कहना था कि जब आवेदन महीनों पहले किया जा चुका है तो डिग्री और मार्कशीट जारी करने में इतनी देरी क्यों हो रही है। भर्ती की समय सीमा को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण करना चाहिए।

अंकित अधाना ने परीक्षा नियंत्रक के सामने उठाया मामला

छात्रों की परेशानी की जानकारी मिलने पर पूर्व महामंत्री अंकित अधाना भी बीएड काउंटर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और इसके बाद परीक्षा नियंत्रक तथा असिस्टेंट रजिस्ट्रार (गोपनीय) के सामने मामला उठाया। उन्होंने सवाल किया कि एक डिग्री के सत्यापन में आखिर कितना समय लगता है और महीनों से आवेदन लंबित क्यों पड़े हैं। जब पोर्टल पर ही दस्तावेज अटके रहेंगे तो छात्रों को समय पर डिग्री और मार्कशीट कैसे मिलेंगी।

उन्होंने मांग की कि टीजीटी भर्ती आवेदन की अंतिम तिथि तक काउंटर पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए। साथ ही दो अलग-अलग काउंटर बनाए जाएं, जिससे छात्रों को लंबी कतारों से राहत मिल सके। लंबित डिग्रियों का जल्द सत्यापन कर मार्कशीट भी तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

कॉलेजों को भेजी जाएं अपडेट मार्कशीट, एक सप्ताह में मिले दस्तावेज

अंकित अधाना ने कहा कि विश्वविद्यालय में डिग्री और मार्कशीट से जुड़ी व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। छात्रों को अपनी मार्कशीट लेने के लिए खुद विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जबकि उन्हें यह दस्तावेज सीधे कॉलेजों से उपलब्ध होने चाहिए। उन्होंने बताया कि कार्यपरिषद की बैठक में भी अपडेट मार्कशीट कॉलेजों को भेजने का निर्णय लिया गया था।

उन्होंने मांग की कि छात्र सहायता केंद्र पर आवेदन करने वाले छात्रों को एक सप्ताह के भीतर मार्कशीट उपलब्ध कराई जाए। इससे दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें भर्ती समेत अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में समय पर शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts