माखन चोर से गिरिराजधारी तक कान्हा की लीलाओं ने बांधा समां, भक्ति में झूम उठा मंदिर परिसर

कालिया नाग के फणों पर नृत्य और गोवर्धन पर्वत उठाने का प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने किया व्यास पीठ का सम्मान

मेरठ। कहीं नटखट कान्हा की माखन चोरी की लीला पर श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे तो कहीं कालिया नाग के फणों पर नृत्य और गोवर्धन पर्वत धारण करने के प्रसंग ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के वर्णन के बीच मंदिर परिसर राधे-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा का रसपान किया।

श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ में दंडी स्वामी ध्रुवानंद तीर्थ जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु कभी कान्हा की नटखट अदाओं पर मुस्कराए तो कभी उनकी दिव्य लीलाओं को सुनकर भावविभोर हो गए।

गर्गाचार्य ने रखा कान्हा का नाम, माखन चोरी की लीला ने मोहा मन

कथा व्यास ने बताया कि गर्गाचार्य ने नंद बाबा के घर पहुंचकर बालक का नाम कृष्ण रखा। इसके बाद भगवान की माखन चोरी, माटी खाने और पूतना वध की लीलाओं का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान की बाल लीलाएं केवल मनोरंजन की कथाएं नहीं हैं, बल्कि इनमें प्रेम, विश्वास और भक्ति का गहरा संदेश छिपा है।

कालिया नाग के फणों पर थिरके कान्हा, यमुना को किया विषमुक्त

कालिया नाग मर्दन का प्रसंग सुनाते हुए स्वामी ध्रुवानंद तीर्थ जी महाराज ने बताया कि कालिया नाग के विष से यमुना का जल दूषित हो गया था। ब्रजवासियों को इस संकट से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण यमुना में कूद पड़े और कालिया नाग के फणों पर नृत्य कर उसका अहंकार समाप्त किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य के भीतर मौजूद काम, क्रोध और लोभ रूपी विष को भगवान की भक्ति से ही शांत किया जा सकता है।

कान्हा की छोटी अंगुली पर टिका गोवर्धन, गूंजे गिरिराज महाराज के जयकारे

गोवर्धन लीला का प्रसंग कथा का विशेष आकर्षण रहा। व्यास जी ने बताया कि जब इंद्र के क्रोध के कारण ब्रज में मूसलाधार बारिश होने लगी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों को उसके नीचे आश्रय दिया। इस प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज और गिरिराज धरण के जयकारे लगाए। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने किया व्यास पीठ का सम्मान

कथा के पांचवें दिन मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री संजय गर्ग, दिल्ली के समाजसेवी कृष्ण बंसल और विश्व कल्याण मिशन के अध्यक्ष हर्ष गोयल ने व्यास पीठ पर विराजमान दंडी स्वामी ध्रुवानंद तीर्थ जी महाराज का पुष्पमाला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। उन्होंने आयोजन के लिए मंदिर समिति को शुभकामनाएं दीं। मुख्य यजमान डॉ. आलोक शर्मा ने अतिथियों का माला और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक शर्मा ने किया। इस अवसर पर समिति संयोजक सुमित मिश्रा, मुकेश चंद शर्मा, पं. विवेक शर्मा, डॉ. पंकज त्यागी, वैभव शर्मा, सुदेश शर्मा, अनुज शर्मा सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts