चुनावी बिसात बिछाने में जुटी भाजपा, बूथ अध्यक्षों को सौंपी सबसे बड़ी जिम्मेदारी

महानगर कार्यालय में कार्यशाला और मासिक बैठक, अशोक मोगा बोले- बूथ अध्यक्ष चुनाव की सबसे अहम कड़ी, हर कार्यकर्ता निभाए जिम्मेदारी

मेरठ। मतदाता जोड़ो अभियान-2026 को लेकर भाजपा मेरठ महानगर ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को महानगर कार्यालय, हरमन सिटी, बागपत रोड पर कार्यशाला एवं मासिक बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने, बूथ प्रबंधन और संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने की रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक की प्रस्तावना रखते हुए महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान संगठन का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके तहत प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचकर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने बूथ की जिम्मेदारी पूरी सक्रियता से निभाए।

बूथ अध्यक्ष से लगातार संवाद बनाए रखें कार्यकर्ता

क्षेत्रीय महामंत्री एवं मेरठ महानगर प्रभारी अशोक मोगा ने कहा कि कार्यशाला में शामिल होना ही जिम्मेदारी पूरी करना नहीं है, बल्कि यहां मिले मार्गदर्शन को धरातल पर लागू करना असली काम है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ अध्यक्ष के साथ नियमित संपर्क रखे। उनके साथ बैठक करे और चाय पर चर्चा के माध्यम से बूथ की स्थिति, मतदाताओं की जानकारी तथा संगठन की गतिविधियों पर संवाद बनाए रखे।

उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष चुनाव की सबसे अहम कड़ी है। बूथ अध्यक्ष जितना सक्रिय होगा, संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उतनी ही मदद मिलेगी। इसलिए कार्यकर्ता बूथ अध्यक्ष को सम्मान और महत्व देते हुए उनके साथ मिलकर काम करें। मतदाता जोड़ो अभियान को औपचारिकता न बनाकर पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से पूरा किया जाए।



पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना प्राथमिकता

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि भाजपा का संगठन जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के आधार पर काम करता है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटें।

कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने भी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा बूथ स्तर पर नियमित संपर्क और संवाद बनाए रखने की अपील की।

बैठक में पूर्व शहर विधानसभा प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा, दक्षिण विधानसभा प्रभारी हरीश अहलावत, महामंत्री विनय शर्मा, नरेंद्र उपाध्याय, रवीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष विवेक बाजपेयी, वीनस शर्मा, डॉ. अजय दीवान, राहुल गुप्ता, सीमा श्रीवास्तव, पूजा बंसल, सुशील, कार्यालय मंत्री रवींद्र शर्मा, सुनीता सैनी, डोली गुप्ता, महिला मोर्चा अध्यक्ष बबीता चौहान, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मनोज वर्मा और किसान मोर्चा अध्यक्ष अक्षय भड़ाना सहित महानगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts