गढ़ गंगा मेले में बिजली व्यवस्था पर एमडी की नजर, लापरवाही बरती तो होगी कार्रवाई
रवीश गुप्ता ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण, श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली देने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश
मेरठ/गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक गढ़ गंगा मेला-2026 में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए बिजली व्यवस्था को लेकर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में बिजली आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने और किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने शुक्रवार को मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली आपूर्ति से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक की पड़ताल की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एमडी ने अधिकारियों और लाइन स्टाफ को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आपूर्ति में बाधा आने या कोई शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।
हर क्षेत्र में रहेगी बिजली व्यवस्था की निगरानी
प्रबंध निदेशक ने कहा कि मेले के मद्देनजर बिजली आपूर्ति से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। पूरे मेला क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था की विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते टाला जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल हापुड़, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड गढ़मुक्तेश्वर समेत निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment