मधुमेह से बचाव का मंत्र: नियमित जांच, संतुलित खानपान और सक्रिय जीवनशैली

विश्व मधुमेह दिवस पर मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, एचआईवी संक्रमित मरीजों की भी हुई विशेष स्क्रीनिंग

मेरठ। मधुमेह एक ऐसी बीमारी है, जिसे समय रहते पहचानकर और जीवनशैली में बदलाव करके काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसी संदेश के साथ विश्व मधुमेह दिवस पर एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज और सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। एआरटी सेंटर में एचआईवी संक्रमित मरीजों के लिए विशेष एनसीडी स्क्रीनिंग की गई, जबकि एंडोक्राइनोलॉजी विभाग ने आमजन को मधुमेह से बचाव और इसके नियंत्रण के उपाय बताए।

एआरटी सेंटर के ओपीडी कक्ष संख्या-18 में आयोजित शिविर का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने किया। शिविर में मरीजों की ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर समेत जरूरी जांचें की गईं। चिकित्सकों ने उन्हें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। शिविर का उद्देश्य एचआईवी संक्रमित मरीजों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान कर उपचार उपलब्ध कराना था।

पैरों की अनदेखी पड़ सकती है भारी

जागरूकता कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि मधुमेह को नियंत्रित रखने के लिए दवाओं के साथ खानपान और जीवनशैली में सुधार जरूरी है। अधिक मीठे और शर्करा युक्त खाद्य पदार्थों से दूरी, संतुलित भोजन और नियमित शारीरिक गतिविधि बीमारी को नियंत्रित रखने में मददगार हैं।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरज राज ने मधुमेह के कारण पैरों में होने वाली जटिलताओं के प्रति सचेत किया। उन्होंने बताया कि मरीजों में घाव, संक्रमण और सुन्नपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए पैरों की नियमित जांच और देखभाल को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

गर्भावस्था में भी जरूरी है समय पर जांच

प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर और एमवीएएसएमसी बिजनौर की पूर्व प्राचार्य डॉ. उर्मिला कार्या ने गर्भावस्था के दौरान होने वाले मधुमेह यानी जेस्टेशनल डायबिटीज की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर इसकी पहचान और उपचार से मां और शिशु, दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल संभव है।

एंडोक्राइनोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. आभा गुप्ता ने कहा कि नियमित जांच और उचित उपचार से मधुमेह की गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है। मरीजों को आंखों, गुर्दों, हृदय और पैरों की समय-समय पर जांच करानी चाहिए। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार ने बीमारी के शुरुआती लक्षणों की जानकारी दी। रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. शशांक शेखर और डॉ. आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि किन लोगों को मधुमेह की जांच जरूर करानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान निशुल्क रक्त शर्करा जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इस दौरान डॉ. अनुपमा वर्मा, डॉ. संध्या गौतम, डॉ. अनीमा पांडेय, डॉ. रवि शर्मा, डॉ. योगिता सिंह, डॉ. श्वेता शर्मा और डॉ. स्नेहलता वर्मा सहित चिकित्सक एवं जूनियर डॉक्टर मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts