राय बनाने से पहले हर पक्ष को परखें युवा, अधूरी जानकारी से बचें : डॉ. मनोज श्रीवास्तव

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर तिलक पत्रकारिता स्कूल में हुई गोष्ठी, समाचार और विचार के अंतर के साथ निष्पक्ष पत्रकारिता की बारीकियां समझाईं

मेरठ। सोशल मीडिया और सूचनाओं की तेज रफ्तार के दौर में किसी भी विषय पर एक पक्ष को सुनकर राय बनाना उचित नहीं है। युवाओं को चाहिए कि वे विषय का गहराई से अध्ययन करें, सभी पक्षों को सुनें और तथ्यों की पड़ताल के बाद ही निष्कर्ष पर पहुंचें। यह बात चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित गोष्ठी में कही।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1966 में भारतीय प्रेस परिषद ने विधिवत कामकाज शुरू किया था। इसका उद्देश्य पत्रकारिता के उच्च मानकों को बनाए रखना और प्रेस को बाहरी दबावों एवं प्रभावों से मुक्त रखना है। उन्होंने विभिन्न देशों के उदाहरणों के जरिए भारत में प्रेस की स्वतंत्रता की स्थिति पर भी चर्चा की।

गोष्ठी में लव कुमार सिंह ने भारतीय प्रेस परिषद की भूमिका स्पष्ट करते हुए बताया कि यह एक अर्ध न्यायिक निकाय है, जिसे सिविल कोर्ट जैसी कुछ शक्तियां प्राप्त हैं, लेकिन दंड देने का अधिकार नहीं है। इसके निर्णय नैतिक प्रकृति के होते हैं। परिषद पत्रकारिता के पक्ष और उसके विरुद्ध, दोनों स्थितियों में कार्रवाई कर सकती है।

उन्होंने पत्रकारिता में तथ्यों की शुद्धता पर जोर देते हुए कहा कि समाचार और विचार को अलग-अलग समझना जरूरी है। समाचार में पत्रकार की निजी राय शामिल नहीं होनी चाहिए, जबकि लेखों में विचार व्यक्त किए जा सकते हैं। अधूरी जानकारी के बजाय सभी पक्षों और तथ्यों को सामने रखना चाहिए, ताकि पाठक खुद निष्पक्ष निष्कर्ष तक पहुंच सकें।

इस अवसर पर डॉ. दीपिका वर्मा, निधि शर्मा, शोधार्थी निशांत, कपिल कुमार, तनीषा माथुर सहित पत्रकारिता विभाग के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts