शोभित विश्वविद्यालय में शुरू हुई यूनियन बैंक की युवा बैंकिंग शाखा, छात्रों को मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं

कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने किया उद्घाटन, वित्तीय साक्षरता और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा

मेरठ। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ बैंकिंग और वित्तीय प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी देने की दिशा में शोभित विश्वविद्यालय ने नई पहल की है। विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की युवा-केंद्रित बैंकिंग शाखा का शुभारंभ किया गया। कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने फीता काटकर शाखा का उद्घाटन किया। नई शाखा से विद्यार्थियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार को आधुनिक बैंकिंग एवं डिजिटल सुविधाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर कुलाधिपति ने कहा कि युवा बैंकिंग शाखा केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को बचत, निवेश और जिम्मेदार वित्तीय निर्णयों की समझ देने का माध्यम भी बनेगी। आज के डिजिटल दौर में युवाओं के लिए वित्तीय साक्षरता बेहद जरूरी है। इस तरह की पहल उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित होगी।

यूनियन बैंक की जोनल हेड अर्चना शुक्ला ने कहा कि बैंक युवाओं की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों में डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय जागरूकता बढ़ाएगी।

गौरतलब है कि विश्वविद्यालय परिसर में पहले से बैंक का एक्सटेंशन काउंटर संचालित था। अब वर्षों से चले आ रहे सहयोग को विस्तार देते हुए समर्पित युवा बैंकिंग शाखा शुरू की गई है।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) वीके त्यागी, रीजनल हेड पी. नरसिम्हा राव, वित्त अधिकारी दीपक गोयल और शाखा प्रमुख रंजीत के. ठाकुर सहित बैंक एवं विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अंत में पी. नरसिम्हा राव ने सभी अतिथियों का आभार जताया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts