इंडिया फर्स्ट को बनाएं निवेश का आधार : पीएम मोदी

 फिक्की सम्मेलन में उद्योगपतियों से मांगे सुझाव
नई दिल्ली (एजेंसी)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की 100वीं वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश की आर्थिक प्रगति, गरीबी उन्मूलन और भारतीय उद्योग जगत की भूमिका पर बात की। इतना ही नहीं, कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत से अपील की कि अगले 20 वर्षों के लिए किए जाने वाले हर दीर्घकालिक निवेश फैसले में 'India First' को आधार बनाएं। उन्होंने कहा कि इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और कारोबार के विकास के लिए भी नए अवसर खुलेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 70 के दशक में जब देश में 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया गया था, तब भारत की आबादी करीब 50 करोड़ थी। गरीबी उस समय भी दूर हो सकती थी, लेकिन नीतियों में कमी रही और दुर्भाग्य से नीयत में भी कमी थी। फिक्की इस बात का साक्षी है। उन्होंने कहा कि जब सही नीयत से काम हुआ और सरकार सही दिशा में आगे बढ़ी तो सिर्फ 12-13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब गरीबी से बाहर निकल आए। यह दिखाता है कि भारत आज जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह सही और सटीक है। इसमें देश की सफलता की गारंटी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते 100 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। देश ने लाइसेंस-कोटा राज देखा, राष्ट्रीयकरण का असफल प्रयोग भी देखा। इसके बाद 21वीं सदी में एक ऐसा दौर आया, जब भारतीय अर्थव्यवस्था को 'फ्रेजाइल फाइव' में गिना जाने लगा। हालांकि, पिछले 12 वर्षों में देशवासियों ने अपनी मेहनत से इस स्थिति को बदला है। इसमें युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों का बड़ा योगदान रहा है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि सिर्फ गालियां देने से देश आगे नहीं बढ़ता।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज भारत में प्रगति की गति बहुत तेज है। इसके साथ ही गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी काफी तेज है। विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट हम सभी को गर्व से भरने वाली है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोगों ने गरीबी को पराजित किया है।

प्रधानमंत्री ने फिक्की के 100 वर्षों के सफर का जिक्र करते हुए उद्योग जगत से भविष्य के लक्ष्य तय करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिक्की ने अपने 100 वर्षों में देश के उद्योग जगत को कई उपलब्धियां हासिल करते हुए देखा है। अब समय यह तय करने का है कि भारतीय उद्योग अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकता है। विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की यात्रा में उद्योग जगत अपना योगदान कैसे बढ़ा सकता है, इस पर भी विचार करना चाहिए।

गांधी के स्वदेशी विचारों को घर-घर पहुंचाने की अपील- प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि 1930 में गांधी भी यही बात कहकर गए थे और आज इतने साल बाद उन्हें भी यही बात दोहरानी पड़ रही है। उन्होंने कहा, मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो। वे भी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की बात कहकर गए थे। प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से अपनी इस बात को भी घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि आपका पुरानी सरकारों का अनुभव इतना खट्टा है कि उसका खामियाजा मुझे भुगतना पड़ रहा है। यह पुरानी सरकार नहीं है, यह दोस्त सरकार है। यह दोस्ती निभाना जानती है और आप मेरे सच्चे दोस्त हैं। इसलिए बिना संकोच, बिना झिझक, मुझे खुलकर लिखकर भेजिए कि अभी भी क्या सुधार जरूरी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts