सुभारती में देशभर के पहलवानों का दमखम, एआईयू आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप का आगाज
महिला और पुरुष खिलाड़ियों के बीच होगी पदकों की जंग, संजीव बालियान बोले- खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम
मेरठ। बाजुओं की ताकत, तकनीक और धैर्य का रोमांचक मुकाबला देखने के लिए स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में देशभर के खिलाड़ी जुटे हैं। विश्वविद्यालय में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) की आर्म रेसलिंग महिला एवं पुरुष चैंपियनशिप 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। सत्यजीत रे ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीक और खेल कौशल के दम पर पदक हासिल करने के लिए जोर आजमा रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पौधे भेंटकर स्वागत किया गया। इस दौरान शिव-गणेश वंदना और राधा-कृष्ण रास नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
जीत के साथ हार भी सिखाती है आगे बढ़ना : बालियान
मुख्य अतिथि संजीव बालियान ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक शक्ति दिखाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर परिश्रम का प्रतीक हैं। मैदान में मिलने वाली जीत आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें सुधारने का अवसर देती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत, सकारात्मक सोच और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होने से देश की खेल प्रतिभाओं को निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में मदद मिलती है।
खेल से मजबूत होता है आत्मबल और इच्छाशक्ति
विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. स्तुति नारायण कक्कड़ ने कहा कि खेल युवाओं में आत्मबल, दृढ़ इच्छाशक्ति और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। हर खिलाड़ी में अपने लक्ष्य तक पहुंचने की क्षमता होती है। इसके लिए निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और उचित मार्गदर्शन जरूरी है। उन्होंने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शल्या राज ने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय के लिए एआईयू की राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी करना गौरव की बात है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। इनसे नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, धैर्य और टीम भावना विकसित होती है। महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों की समान भागीदारी खेलों में समान अवसर और सशक्तीकरण का संदेश देती है।
खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मंच
शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी ने अतिथियों, एआईयू प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों से सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करेगी।
चैंपियनशिप का उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और आर्म रेसलिंग को प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में व्यापक पहचान दिलाना है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी ताकत के साथ तकनीक, धैर्य और अनुशासन का भी प्रदर्शन करना होगा। समारोह में एआईयू ऑब्जर्वर, विभिन्न विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment