पश्चिमांचल डिस्कॉम के मांगेराम ने ट्रैक पर दिखाया दम, एक स्वर्ण समेत जीते तीन पदक

800 मीटर दौड़ में हासिल किया पहला स्थान, 400 और 1500 मीटर में भी जीते रजत पदक; कबड्डी में भी डिस्कॉम की टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान

मेरठ। खेल के मैदान में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम (पीवीवीएनएल) के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए निगम का नाम रोशन किया है। 34वीं यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026-27 में निगम के खिलाड़ी मांगेराम ने 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

लखनऊ में जिला मास्टर्स एथलेटिक एसोसिएशन की ओर से 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मांगेराम ने 800 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर दो रजत पदक जीते। उनकी इस उपलब्धि पर पश्चिमांचल डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी।

कबड्डी में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम

खेल प्रतियोगिताओं में पश्चिमांचल डिस्कॉम की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं थमा। उत्तर प्रदेश पावर सेक्टर परियोजना एवं डिस्कॉम की ओर से दो से चार नवंबर तक अनपरा तापीय परियोजना, सोनभद्र में आयोजित वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता में भी निगम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी प्रतियोगिता में पश्चिमांचल डिस्कॉम की संयुक्त टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में हासिल की गई ट्रॉफी अर्जुन अवार्डी एवं पीवीवीएनएल की खेल अधिकारी अलका तोमर ने अन्य खिलाड़ियों के साथ प्रबंध निदेशक को सौंपी। इस दौरान निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन और निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक हैं खेल

डिस्कॉम प्रबंधन ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, टीम भावना और आपसी एकजुटता भी मजबूत होती है। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता मो. सगीर, राजेश कुमार, गुलाब सिंह, गुरजीत सिंह और रजनीकांत मिश्र सहित अधीक्षण अभियंता मो. अरशद, अभिषेक सिंह, मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता सौरभ मंगला, महेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। खिलाड़ियों में बिजेंद्र, दिलमणि थपलियाल, मांगेराम और बालेन्द्र शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts