20 कॉलेजों के 1000 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, आईआईएमटी में दो दिन सजेगा खेलों का महाकुंभ
20 और 21 नवंबर को होगा ‘डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट-2026-27’, आठ खेलों में होगी प्रतिस्पर्धा
मेरठ। आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज में 20 और 21 नवंबर को खेल प्रतिभाओं का जमावड़ा लगेगा। कॉलेज परिसर में ‘डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट-2026-27’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ से संबद्ध मेरठ जोन के करीब 20 कॉलेजों के 1000 से अधिक छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस वर्ष एकेटीयू की ओर से आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज को मेरठ जोन का जोनल सेंटर चुना गया है। इसी के तहत वार्षिक खेल महोत्सव की मेजबानी कॉलेज को सौंपी गई है। आयोजन को लेकर कॉलेज में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आठ खेलों में होगी पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा
कॉलेज के निदेशक डॉ. धीरेंद्र कुमार ने बताया कि खेल महोत्सव में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस, शतरंज और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें मेरठ के अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, हापुड़, बिजनौर, बागपत, अमरोहा, संभल और शामली सहित विभिन्न जिलों के कॉलेजों की टीमें हिस्सा लेंगी।
मेजबान कॉलेज के 100 खिलाड़ी भी दिखाएंगे हुनर
खेल महोत्सव में आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज के करीब 100 विद्यार्थी भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीमवर्क का अनुभव देना है।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, यह महोत्सव केवल खेल मुकाबलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आपसी सौहार्द, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करेगा।


No comments:
Post a Comment