मेरठ कॉलेज में ‘आसिमा चटर्जी केमिकल सोसायटी’ का आगाज, रसायन विज्ञान के विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा निखारने का मंच

एमएससी के नए विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, सालभर होंगी प्रतियोगिताएं और शैक्षणिक गतिविधियां

मेरठ। रसायन विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को नया मंच देने के उद्देश्य से मेरठ कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग में मंगलवार को ‘आसिमा चटर्जी केमिकल सोसायटी’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एमएससी के नए विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का भी आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने कविता, गीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने की। उन्होंने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। विभाग प्रभारी प्रो. नीलम कुमारी ने प्राचार्य का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

प्रसिद्ध रसायन वैज्ञानिक के नाम पर बनी सोसायटी

सोसायटी की समन्वयक प्रो. आभा अवस्थी ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रो. आसिमा चटर्जी देश की प्रसिद्ध कार्बनिक रसायन वैज्ञानिक थीं। वह राज्यसभा सदस्य भी रहीं और उन्हें कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उनके सम्मान में ही रसायन विज्ञान विभाग की इस सोसायटी का नाम रखा गया है।

उन्होंने बताया कि सोसायटी के माध्यम से पूरे वर्ष विद्यार्थियों के रसायन विज्ञान संबंधी ज्ञान और रुचि को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, शैक्षणिक गतिविधियां और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विद्यार्थियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

केमिकल सोसायटी के लिए स्वाति (एमएससी तृतीय सेमेस्टर) को अध्यक्ष, दीक्षा तोमर (एमएससी प्रथम सेमेस्टर) को उपाध्यक्ष, अभी त्यागी (एमएससी तृतीय सेमेस्टर) को सचिव और देव भारद्वाज (एमएससी प्रथम सेमेस्टर) को कोषाध्यक्ष बनाया गया।

विभाग प्रभारी प्रो. नीलम कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सोसायटी की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के सह-समन्वयक भोपाल सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया। समारोह में रसायन विज्ञान विभाग के सभी शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts