गंगा एक्सप्रेसवे पर दौड़ती एंबुलेंस बनी आग का गोला, सिलेंडरों में धमाकों से पांच फीट उछलकर पलटी
अतराड़ा के पास वायरिंग में आग लगने के बाद सीएनजी टैंक और ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए विस्फोट, धमाके से दहला एक्सप्रेसवे; चालक ने कूदकर बचाई जान
मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मुंडाली थाना क्षेत्र में अतराड़ा गांव के पास दौड़ती एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एंबुलेंस में रखे सीएनजी टैंक और ऑक्सीजन सिलेंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फट गए। धमाके इतने जोरदार थे कि एंबुलेंस करीब पांच फीट हवा में उछलकर सड़क पर पलट गई। इसके बाद पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था और चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
धुआं उठते ही सड़क किनारे रोकी एंबुलेंस
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:15 बजे एक एंबुलेंस मेरठ से गढ़ की ओर जा रही थी। अतराड़ा गांव के पास अचानक एंबुलेंस की वायरिंग में आग लग गई। गाड़ी से धुआं और आग उठती देखकर चालक ने तुरंत एंबुलेंस को सड़क किनारे रोक दिया। उसने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक लपटें तेजी से फैलने लगी थीं।
धमाके से हवा में उछली एंबुलेंस, सड़क पर मची अफरा-तफरी
आग ने कुछ ही देर में एंबुलेंस में रखे सीएनजी टैंक और ऑक्सीजन सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद दोनों में जोरदार धमाके हुए। विस्फोट के कारण एंबुलेंस उछलकर पलट गई। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने चालक और परिचालक को बचाने में मदद की।
मरीज नहीं होने से टला बड़ा हादसा
हादसे के समय एंबुलेंस में कोई मरीज मौजूद नहीं था। चालक के समय रहते गाड़ी रोककर बाहर निकलने से जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। बताया गया है कि घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस जुटी जांच में
सूचना पर मुंडाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस एंबुलेंस चालक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही आग लगने के कारणों और सिलेंडरों में हुए विस्फोट की जांच कर रही है। घटना के चलते कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


No comments:
Post a Comment