ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होते ही बूथों पर पहुंचे डीएम, मतदाताओं से बोले- अपना नाम जरूर जांचें

साकेत और प्रभात नगर के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश; 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

मेरठ। ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होते ही निर्वाचन विभाग ने जमीनी स्तर पर निगरानी और सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने शहर के दो मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कनोहर लाल कन्या इंटर कॉलेज, साकेत और प्राथमिक विद्यालय, प्रभात नगर पहुंचकर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की स्थिति देखी। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और निर्वाचनकर्मी मौजूद रहे।

बूथों पर पहुंचकर नाम और पते की जांच कर रहे मतदाता

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई। इसके बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लोग अपने और परिवार के सदस्यों के नाम, जन्मतिथि, पिता का नाम, पता और बूथ संख्या का मिलान कर रहे हैं। सूची में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।

हर पात्र मतदाता का नाम सूची में होना जरूरी

निरीक्षण के दौरान डीएम डॉ. वीके सिंह ने अधिकारियों और बीएलओ से निर्वाचन संबंधी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की त्रुटि को समय रहते ठीक कराने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।

राजनीतिक दलों को भी दी जाएंगी सूची की प्रतियां

डीएम ने बताया कि पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी। राजनीतिक दल सूची का परीक्षण कर अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।

इन चार तारीखों को चलेगा विशेष अभियान

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अन्य दावे-आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि अंतिम सूची का इंतजार करने के बजाय अभी ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने या गलत दर्ज होने की स्थिति में समय रहते कार्रवाई हो सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts