बालों में कलर करना पति को नहीं आया रास, गुस्से में काट दी पत्नी की चोटी
सबहेड : अवैध संबंधों का शक कर करता था प्रताड़ित, तेजाब डालने की भी दी धमकी; कटी चोटी लेकर थाने पहुंची पीड़िता, पति हिरासत में
मेरठ। बालों में कलर कराना एक महिला को इतना भारी पड़ गया कि गुस्साए पति ने उसकी चोटी ही काट दी। आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसके साथ मारपीट की और तेजाब डालने की कोशिश भी की। किसी तरह जान बचाकर महिला ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पीड़िता अपनी कटी हुई चोटी लेकर थाने पहुंच गई और पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन का है।
बालों में रंग लगाया तो भड़क उठा पति
श्यामनगर निवासी महिला हुमा का निकाह करीब तीन साल पहले समर गार्डन निवासी रिहान से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि पति काफी समय से उसके चरित्र पर शक करता है। वह आए दिन अवैध संबंधों का आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित करता रहता है। शनिवार को महिला ने अपने बालों में कलर लगाया था। इसी बात को लेकर पति नाराज हो गया और विवाद करने लगा। आरोप है कि रिहान ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसकी चोटी काट दी। विरोध करने पर मारपीट की और तेजाब डालने की धमकी देते हुए हमला करने की कोशिश की।
कटी चोटी लेकर पहुंची थाने
पीड़िता ने किसी तरह डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को बचाया। इसके बाद वह अपनी कटी हुई चोटी लेकर लिसाड़ी गेट थाने पहुंची। महिला ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पति समेत चार पर लगाए आरोप
महिला ने पति रिहान के अलावा सास रोशन, जेठ साहिल और देवर सोनू के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment