धार्मिक आस्था का जाल बिछाकर सराफा कारीगर से ठगा 32 ग्राम सोना, ईरानी गैंग के पांच शातिर गिरफ्तार

 धनतेरस पर वारदात को दिया था अंजाम, चार आरोपियों पर था 25-25 हजार रुपये का इनाम; गैंग का मास्टरमाइंड सज्जाद निकला

मेरठ। सराफा बाजार में धार्मिक आस्था और मनोकामना पूरी कराने का झांसा देकर सोना ठगने वाले अंतरराज्यीय ईरानी गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। देहली गेट थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने धनतेरस के दिन सराफा कारीगर को अपने जाल में फंसाकर 32 ग्राम सोना ठग लिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से 27 ग्राम सोना और 3600 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में चार पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

ख्वाजा गरीब नवाज का मुरीद बताकर जीतते थे भरोसा

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। गैंग के पांच से छह सदस्य एक साथ सराफा बाजारों में पहुंचते थे। इनमें एक आरोपी खुद को ख्वाजा गरीब नवाज का मुरीद या खादिम का बेटा बताकर धार्मिक व्यक्ति के रूप में पेश करता था। बाकी सदस्य अनजान लोगों की भूमिका निभाकर पूरे घटनाक्रम को वास्तविक दिखाते थे।

आरोपी पहले लोगों से गुलाब का फूल मंगवाते, दुआ करने और मन की बात बताने जैसी बातें करते थे। इस तरह धार्मिक आस्था का सहारा लेकर पीड़ित का विश्वास जीत लेते थे। इसके बाद मनोकामना पूरी कराने और धार्मिक दीदार कराने के बहाने पीड़ित से सोने के आभूषण या अन्य सामग्री अपने किसी साथी के पास रखवा देते थे। जैसे ही पीड़ित कुछ दूरी पर जाता, गैंग के सदस्य सोना लेकर फरार हो जाते थे।

सज्जाद गैंग का मास्टरमाइंड

देहली गेट थाना प्रभारी राहुल कुमार के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवर अली (23), सज्जाद (36), मुजाहिद अली (28), मोहम्मद सादिक (28) और सद्दाम मौला (21) के रूप में हुई है। इनमें सज्जाद को गैंग का मास्टरमाइंड बताया गया है। उसके खिलाफ रायबरेली में चार और मेरठ में एक मुकदमा दर्ज है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

कई राज्यों में फैला था नेटवर्क

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सरवर अली दिल्ली, सज्जाद अली उर्फ सज्जू, मोहम्मद सादिक और मुजाहिद अली महाराष्ट्र के निवासी हैं। इन चारों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पांचवां आरोपी सद्दाम मौला पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक गिरोह मेरठ समेत आसपास के इलाकों में भी इसी तरीके से ठगी की वारदातों को अंजाम देता रहा है।

टीम को मिलेगा सम्मान

धनतेरस पर हुई ठगी के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार रात देहली गेट थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर पांचों को दबोच लिया। इनके पास से 27 ग्राम सोना और 3600 रुपये बरामद हुए हैं। एसएसपी ने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts