एसवीपीयूएटी के मैदान में सजा डॉग शो, जर्मन शेफर्ड से लेकर शिफू तक ने दिखाए जलवे
बड़ी और छोटी नस्लों के श्वानों के बीच हुआ मुकाबला, विजेताओं को ट्रॉफी, शील्ड और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
मेरठ, 2 नवंबर। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (एसवीपीयूएटी) के खेल मैदान में सोमवार को भव्य डॉग शो एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मेरठ सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्वान प्रेमियों और पालकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जर्मन शेफर्ड, गोल्डन रिट्रीवर, लैब्राडोर, केन कोरसो, हस्की, शिफू और पोमेरेनियन सहित कई नस्लों के श्वानों ने अपनी सुंदरता और चपलता से दर्शकों का ध्यान खींचा।
प्रतियोगिता शुरू होने से पहले सभी श्वानों का पंजीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद विशेषज्ञ निर्णायक मंडल ने शारीरिक बनावट, फुर्ती और नस्ल के निर्धारित मानकों के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। अलग-अलग आयु वर्ग और नस्लों में मुकाबले कराए गए। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को ट्रॉफी, शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बड़ी नस्लों में जर्मन शेफर्ड और गोल्डन रिट्रीवर का दबदबा
बड़ी नस्ल के छह माह से कम आयु वर्ग में रिदम चौधरी के जर्मन शेफर्ड 'कीवी' ने पहला स्थान हासिल किया। हर्ष के जर्मन शेफर्ड 'ईवीई' दूसरे और रिदम चौधरी के 'मायरा' व विकास अहलावत के जर्मन शेफर्ड संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। छह से 12 माह के जूनियर वर्ग में रवि के जर्मन शेफर्ड ने पहला, पुष्पेंद्र के केन कोरसो ने दूसरा और आकाश बालियान के लैब्राडोर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
12 माह से अधिक आयु के वयस्क नर वर्ग में गोल्डन रिट्रीवर ने शानदार प्रदर्शन किया। बब्लू अहलावत का श्वान प्रथम, अनीता सिंह और देव ब्रार के गोल्डन रिट्रीवर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। मादा वर्ग में दक्ष चौधरी की 'रैमी' ने पहला स्थान हासिल किया। उनकी दूसरी श्वान 'टिन्ना' और मोक्ष का बेल्जियन मैलिनोइस संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
लैब्राडोर श्रेणी में हिमांशु और अजय ने मारी बाजी
विशेष लैब्राडोर वर्ग के नर वर्ग में हिमांशु ने पहला, प्रशांत कुमार ने दूसरा और दीपक कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। मादा वर्ग में अजय का लैब्राडोर प्रथम, रमेश शर्मा का दूसरे और कुणाल चंदेल व सोनाली शर्मा के लैब्राडोर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
छोटी नस्लों में शिफू और पोमेरेनियन ने बटोरी वाहवाही
छोटी नस्लों के छह माह से कम आयु वर्ग में लवली के शिफू ने पहला और कुलदीप सिंह के शिफू ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। छह से 12 माह के वर्ग में रौनक का शिफू प्रथम और रुद्र का शिफू दूसरे स्थान पर रहा।
12 माह से अधिक आयु के वयस्क नर वर्ग में परवेश कुमार के पोमेरेनियन ने पहला, नरेंद्र देव के डाशहुंड ने दूसरा, अनिकेत के पूडल ने तीसरा और अर्जुन के पग ने चौथा स्थान हासिल किया। मादा वर्ग में तरंग तेवतिया का शिफू प्रथम रहा। अनुज कुमार के पोमेरेनियन और बृजेश के शिफू ने संयुक्त रूप से दूसरा, जबकि टीके सरकार के बीगल और आदित्य के शिफू ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान खेल मैदान में श्वान प्रेमियों की भीड़ जुटी रही। अलग-अलग नस्लों के श्वानों का प्रदर्शन आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।



No comments:
Post a Comment