किसानों ने पांच मिनट तक टोल कराया फ्री, बोले- हमारी जमीन पर टोल और हमसे ही वसूली!
खड़खड़ी टोल प्लाजा पर भाकियू टिकैत का धरना, ट्रैक्टरों को छूट और 25 किमी दायरे के ग्रामीणों के लिए मुफ्त पास की मांग; कर्मचारियों को बांधने की चेतावनी
मेरठ। खरखौदा क्षेत्र के खड़खड़ी टोल प्लाजा पर सोमवार को किसानों ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने करीब पांच मिनट तक टोल फ्री करा दिया। किसानों ने ट्रैक्टरों को टोल टैक्स से पूरी तरह छूट देने और टोल प्लाजा के 25 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले ग्रामीणों को लोकल पास के जरिए मुफ्त आवागमन की सुविधा देने की मांग की।
किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो टोल प्लाजा पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने टोल अधिकारियों और कर्मचारियों को बांधने तक की चेतावनी दी।
रोजाना टोल देने से परेशान ग्रामीण
किसान यूनियन टिकैत के मंडल सचिव मोंटी चौधरी के नेतृत्व में किसान टोल प्लाजा पहुंचे। उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों के लोगों को रोजाना काम के सिलसिले में यहां से गुजरना पड़ता है। इसके बावजूद उनसे टोल वसूला जा रहा है। किसानों का कहना है कि उनकी जमीन पर टोल प्लाजा बनाया गया है और अब उन्हीं से पैसे वसूले जा रहे हैं। विरोध करने पर टोल कर्मचारी धौंस दिखाते हैं।
ट्रैक्टरों और ग्रामीणों को मिले छूट
किसानों ने मांग की कि उनके ट्रैक्टरों से टोल न लिया जाए। साथ ही टोल प्लाजा के 25 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के लोगों को लोकल पास जारी कर मुफ्त आवागमन की सुविधा दी जाए। किसानों का कहना है कि रोजाना टोल देने से ग्रामीणों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मांग पूरी नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
मोंटी चौधरी ने कहा कि किसानों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, विरोध जारी रहेगा। धरने में बबलू गुर्जर, प्रशांत त्यागी चंदसारा, समय सिंह, देवेंद्र कुमार, अतुल कुमार, दिलशाद और शकील समेत कई किसान मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment