महापुरुषों को नमन कर विवेक बाफर ने संभाली महानगर संगठन की कमान

रालोद के नवनियुक्त अध्यक्ष ने धन सिंह कोतवाल से चौधरी चरण सिंह तक प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण, बोले- बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे संगठन

मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विवेक बाफर ने शनिवार को महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर अपने नए दायित्व की शुरुआत की। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने शहर में विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने संगठन को नई मजबूती देने और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संकल्प भी जताया।

कार्यक्रम की शुरुआत 1857 की क्रांति के महानायक शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन किया। अंतिम पड़ाव पर मेरठ कॉलेज के सामने स्थित पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।



किसान, मजदूर और युवाओं के हितों को देंगे प्राथमिकता

पत्रकारों से बातचीत में विवेक बाफर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में रालोद किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों और समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए काम कर रहा है। मेरठ महानगर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचारों, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यकर्ताओं ने किया नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत

इस दौरान एससी-एसटी आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी, विनय प्रधान, संगीता धोरे, दिलप्रीत कोहली, नरेश कुमार, अभि सिंगल, आर. देव, हेमंत कुमार, सरदार विकुल चौधरी, हारून चौधरी और निवर्तमान महानगर अध्यक्ष नईम सागर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने विवेक बाफर का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts