दिवाली पर बिजली कटौती हुई तो होगी कार्रवाई, 14 जिलों के अफसरों को एमडी की दो टूक
पीवीवीएनएल के एमडी रवीश गुप्ता ने सिविल लाइन बिजलीघर का किया औचक निरीक्षण, 24 घंटे अलर्ट रहेंगी विशेष टीमें; अनावश्यक शटडाउन पर लगाई रोक
मेरठ। दीपावली और आगामी त्योहारों पर बिजली व्यवस्था में जरा भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने सभी 14 जनपदों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को उन्होंने 33/11 केवी सिविल लाइन बिजलीघर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
24 घंटे अलर्ट रहेंगी विशेष टीमें
एमडी ने बिजलीघर के पावर ट्रांसफार्मर, उपकरणों, विद्युत लाइनों, पैनल और फीडरों की कार्यशीलता जांची। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी 14 जिलों के बिजलीघरों में पैनल और फीडर पूरी तरह दुरुस्त रखे जाएं। आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीमों को 24 घंटे अलर्ट और मुस्तैद रखा जाए। त्योहारों के दौरान अनावश्यक शटडाउन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
फाल्ट होते ही पहुंचेगी मरम्मत टीम
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई कर आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर बहाल की जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मरम्मत गैंग और ट्रॉली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है। संबंधित अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में सक्रिय रहकर लगातार बिजली व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
लाइन पर काम करते समय सुरक्षा का रखें ध्यान
एमडी ने विद्युत लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता प्रशांत सोनी, मृत्युंजय शाही सहित उपखंड अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बिजली शिकायत के लिए हेल्पलाइन: उपभोक्ता किसी भी विद्युत समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 18004101912 पर संपर्क कर सकते हैं।


No comments:
Post a Comment