साइकिल रैली निकालकर युवाओं ने दिया नशामुक्त भारत का संदेश
सुभारती विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान’ के तहत एनएसएस स्वयंसेवकों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
मेरठ। नशे से दूरी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश लेकर स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ की ओर से साइकिल रैली निकाली गई। ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान’ के तहत आयोजित रैली में विश्वविद्यालय की सभी एनएसएस इकाइयों के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के माध्यम से युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ और नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान किया। स्वयंसेवकों ने कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है और स्वस्थ एवं जागरूक युवा पीढ़ी ही विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकती है। उन्होंने नशामुक्ति को व्यक्तिगत संकल्प के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी बताया।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी राम प्रकाश तिवारी, निशांत गौरव, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. ललित कुमार, डॉ. कविता मलिक और डॉ. दीक्षांत भाटी मौजूद रहे। एनएसएस सहयोगी कर्मचारी दीपक सिंह और विवेक ने भी आयोजन में सहयोग किया।


No comments:
Post a Comment