मेरठ में बंदरों की शामत! अब गली-मोहल्लों में चलेगा धरपकड़ अभियान, सात दिन में बनेगा पूरा खाका
बंदरों के आतंक वाले इलाकों की होगी पहचान, संख्या गिनकर शुरू होगी कार्रवाई; सुबह पकड़ेंगे और शाम से पहले प्राकृतिक आवास में छोड़ेंगे
मेरठ। छतों पर कपड़े सुखाना हो या गलियों से गुजरना, बंदरों के झुंड लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। कहीं घरों में घुसकर सामान उठा ले जाते हैं तो कहीं राहगीरों पर हमला कर देते हैं। बंदरों के इस बढ़ते आतंक से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने अब ठोस कार्रवाई की तैयारी कर ली है। जिले में विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पहले बंदरों की संख्या और उनके उत्पात वाले इलाकों का पूरा ब्योरा तैयार होगा।
मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक में अभियान का खाका तैयार किया गया। प्रभागीय निदेशक वन वंदना फोगाट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल जनहित याचिका संख्या 1030/2025 के संदर्भ में न्यायालय के निर्देशों और मानव-बंदर संघर्ष की समस्या से अवगत कराया। सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को सात दिन के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
निकायों से लेकर गांवों तक होगी तैयारी
बंदरों की धरपकड़ के लिए नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत राज विभाग वाहन व कर्मचारियों की व्यवस्था करेंगे। सभी विभाग अपने क्षेत्र में बंदरों के झुंड वाले स्थानों को चिह्नित कर उनकी संख्या का आकलन करेंगे। इसके आधार पर अभियान की कार्रवाई तय होगी।
रात में नहीं होगी पकड़ने और ले जाने की कार्रवाई
प्रशासन ने बंदरों की सुरक्षा को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया है। बंदरों को रात में न पकड़ा जाएगा और न ही रात में उनका परिवहन होगा। सुबह पकड़े गए बंदरों को उसी दिन वन विभाग की ओर से चिह्नित प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। घायल और बीमार बंदरों के मामलों में वन विभाग, स्थानीय निकाय और पंचायत के कर्मचारी मिलकर कार्रवाई करेंगे।
शिकायतों पर नजर रखेगा कंट्रोल रूम
अभियान को व्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। सभी विभाग एक-एक नोडल अधिकारी नामित करेंगे और उनके नाम व मोबाइल नंबर वन विभाग को उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन की इस पहल से उम्मीद है कि लंबे समय से बंदरों के उत्पात से जूझ रहे शहर और गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।



No comments:
Post a Comment