मेरठ की तीन सीटों पर कांग्रेस का ‘हाथ’, सपा के दावेदारों के टिकट पर लटकी तलवार

181 सीटों की दावेदारी सूची में सिवालखास, दक्षिण और हस्तिनापुर शामिल, गठबंधन में टिकट को लेकर छिड़ सकती है सियासी जंगमेरठ। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही इंडिया गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सियासी खींचतान शुरू हो गई है। कांग्रेस की ओर से 181 विधानसभा सीटों पर दावेदारी की सूची सामने आने के बाद मेरठ की तीन सीटें भी सियासी चर्चा के केंद्र में आ गई हैं। इनमें सिवालखास, मेरठ दक्षिण और हस्तिनापुर शामिल हैं। कांग्रेस की इस दावेदारी ने समाजवादी पार्टी के उन नेताओं की धड़कनें बढ़ा दी हैं, जो लंबे समय से इन सीटों पर टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

खास बात यह है कि तीनों सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में सपा और उसके सहयोगी दलों ने मजबूत प्रदर्शन किया था। ऐसे में कांग्रेस की दावेदारी से गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर नए समीकरण बनने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर दोनों दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है।

सिवालखास: आठ सपा दावेदारों के बीच कांग्रेस की भी नजर

सिवालखास विधानसभा सीट पर 2022 में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी हाजी गुलाम मोहम्मद ने जीत दर्ज की थी। रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए उन्होंने भाजपा के मनिंदर पाल को 9,182 वोटों से हराया था। उन्हें 1,01,749 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के जगदीश प्रसाद को महज 1,577 वोट मिले थे।

इस बार सपा की ओर से सम्राट मलिक, नदीम चौहान, वसीम राजा, फारुख हसन, अंकित शर्मा, सीपी शर्मा, अमित शर्मा और गौरव चौधरी समेत कई नेता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस की तरफ से शबीह खान, जगदीश शर्मा और उदयवीर सिंह त्यागी के नाम चर्चा में हैं।

मेरठ दक्षिण: आदिल चौधरी के सामने कांग्रेस के दावेदार

मेरठ दक्षिण सीट पर 2022 में सपा ने आदिल चौधरी को मैदान में उतारा था। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. सोमेंद्र तोमर को कड़ी टक्कर दी थी। आदिल चौधरी को 1,21,725 वोट मिले, लेकिन वह 7,942 वोटों से चुनाव हार गए थे। कांग्रेस के नफीस को 2,346 वोट मिले थे।

इस बार सपा से महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, डॉ. किशनपाल, डॉ. हरविंदर सिंह, डॉ. आदित्य गुर्जर, जानू चौधरी और देवेश राणा के नाम टिकट की दौड़ में हैं। कांग्रेस की ओर से अजय शर्मा, महेंद्र गुर्जर, हेमंत प्रधान और रंजन शर्मा दावेदारी कर रहे हैं।

हस्तिनापुर: आरक्षित सीट पर भी दो दलों की नजर

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हस्तिनापुर विधानसभा सीट पर भी कांग्रेस ने दावा पेश किया है। 2022 में सपा ने पूर्व विधायक योगेश वर्मा को टिकट दिया था। उनका मुकाबला भाजपा के दिनेश खटीक से हुआ था। योगेश वर्मा को 1,00,275 वोट मिले थे, लेकिन वह 7,312 वोटों से चुनाव हार गए थे। कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना गौतम को 1,519 वोट मिले थे।

इस बार सपा से पूर्व विधायक योगेश वर्मा, पूर्व मंत्री प्रभुदयाल वाल्मीकि, किशोर वाल्मीकि, विपिन मनोठिया, प्रशांत गौतम और हरीभूषण खटीक टिकट के दावेदार हैं। वहीं कांग्रेस से योगी जाटव, सुनीता मंडल और अर्चना गौतम के नाम चर्चा में हैं।

हाईकमान के फैसले पर टिकी निगाहें

तीनों सीटों पर दावेदारी के बीच अब सबकी निगाहें सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं। स्थानीय नेताओं ने फिलहाल टिकट के सवाल पर फैसला हाईकमान के पाले में डाल दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी और सपा प्रवक्ता विजय राठी का कहना है कि प्रत्याशियों के चयन और सीटों के बंटवारे का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। गठबंधन में जिसे भी टिकट मिलेगा, दोनों दलों के कार्यकर्ता मिलकर उसे चुनाव लड़ाएंगे।

फिलहाल कांग्रेस की 181 सीटों वाली दावेदारी ने मेरठ में 2027 के चुनाव की सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि तीनों सीटों पर कांग्रेस अपना दावा कायम रखती है या गठबंधन की मजबूती के लिए सपा के दावेदारों को मौका मिलता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts