आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और बांझपन के उपचार पर मेरठ में जुटीं 100 से अधिक महिला चिकित्सक

FOGSI-ICOG CME में दूरबीन सर्जरी, नई दवाओं और सर्वाइकल कैंसर से बचाव पर हुआ मंथन

मेरठ। मेरठ ऑब्स एवं गायनी सोसाइटी की ओर से होटल हार्मनी में FOGSI-ICOG CME (कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन) का सफल आयोजन किया गया। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और मोदीनगर सहित विभिन्न शहरों की 100 से अधिक महिला चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बेंगलुरु की ICOG चेयरपर्सन डॉ. शीला वी. माने रहीं। पैट्रन पद्मश्री डॉ. उषा शर्मा, अध्यक्ष डॉ. भारती माहेश्वरी, सचिव डॉ. प्रियंका गर्ग एवं उपसचिव डॉ. ईशा खनूजा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

CME में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और स्त्री रोग उपचार के नवीनतम तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें दूरबीन विधि से ऑपरेशन, फेटोस्कोपिक सर्जरी और IUI के लिए स्पर्म प्रिपरेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। इसके अलावा एंटी-ओबेसिटी दवाओं, खून की कमी दूर करने के लिए नवीनतम इंजेक्शन, IVI3 तथा गर्भावस्था के बाद हृदय का आकार बढ़ने की समस्या PPCM पर भी चर्चा की गई।

डॉ. उषा शर्मा ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक कार्यक्रम पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सा के क्षेत्र में नई तकनीकों और आधुनिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देंगे। डॉ. भारती माहेश्वरी ने ओव्यूलेशन इंडक्शन, जबकि डॉ. प्रियंका गर्ग ने एंडोमेट्रियोसिस से पीड़ित महिलाओं में बांझपन के उपचार की जानकारी दी। डॉ. ईशा खनूजा और डॉ. नेहा त्यागी ने विभिन्न केस सिनेरियो के माध्यम से बांझपन के इलाज पर प्रकाश डाला।

अमृता फरीदाबाद, मुरादाबाद, दिल्ली और नोएडा से आए चिकित्सकों ने भी अपने अध्ययन एवं शोध प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों के व्याख्यान और विचार-विमर्श से प्रतिभागी चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी मिली।

कार्यक्रम में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर FOGSI की ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सरिता श्याम सुंदर ने भारत को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कैंसर से बचाव, समय रहते पहचान और प्रभावी उपचार के लिए आवश्यक उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन, अनुभव साझा करने और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts