माटीकला मेले में उमड़ रही भीड़, मिट्टी के उत्पादों की खूब हो रही बिक्री

स्थानीय कारीगरों को मिल रहा बाजार, पारंपरिक कला को बढ़ावा देने के लिए 7 नवंबर तक चलेगा मेला

मेरठ। राजकीय इंटर कॉलेज, बेगमपुल के निकट आयोजित क्षेत्रीय माटीकला मेला 2026-27 में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। एक नवंबर से शुरू हुए मेले के तीन दिन पूरे हो चुके हैं। मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के पंजीकृत कारीगरों और इकाइयों द्वारा अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। मिट्टी से बने आकर्षक उत्पादों को देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की भी अच्छी बिक्री हो रही है।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्रीय माटीकला मेले का मुख्य उद्देश्य माटीकला बोर्ड में पंजीकृत इकाइयों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और पारंपरिक माटीकला का संरक्षण करना है। इसके साथ ही आमजन को मिट्टी से बने उत्पादों के महत्व और उपयोग के प्रति जागरूक करना भी मेले का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि मेले के माध्यम से कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच मिल रहा है। इससे पारंपरिक कला को नई पहचान मिलने के साथ ही कारीगरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में राजकीय इंटर कॉलेज, बेगमपुल के निकट आयोजित माटीकला मेले में पहुंचकर प्रतिभागी कारीगरों का उत्साहवर्धन करें और स्थानीय उत्पादों को खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित करें। यह मेला सात नवंबर 2026 तक संचालित रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts