एयरपोर्ट का टेक्निकल इंजीनियर बना गांजा तस्कर, व्हाट्सएप से चलाता था नशे का कारोबार

हॉस्टल और कॉलेजों तक फैला था नेटवर्क, अमेजॉन के पैकेट में छिपाकर होती थी सप्लाई; 12 किलो गांजा बरामद

नोएडा। मोटी तनख्वाह के बावजूद लाखों रुपये की अतिरिक्त कमाई का लालच एक टेक्निकल इंजीनियर को नशे के अवैध कारोबार तक ले गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर टेक्निकल इंजीनियर के पद पर तैनात आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर ऑनलाइन गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। नोएडा पुलिस ने सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंच बनाते थे। इन ग्रुपों में युवाओं, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को जोड़ा जाता था। इसके बाद गांजे की उपलब्धता और सप्लाई से संबंधित जानकारी साझा कर ऑनलाइन ऑर्डर लिए जाते थे।

अमेजॉन के पैकेट में छिपाकर करते थे सप्लाई

तस्करी के इस नेटवर्क में आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए नया तरीका अपनाया था। गांजे की पैकिंग और डिलीवरी के लिए अमेजॉन के पैकेट इस्तेमाल किए जाते थे, ताकि नशीले पदार्थ की सप्लाई सामान्य ऑनलाइन पार्सल जैसी दिखाई दे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इस तरीके से ग्राहकों तक गांजा पहुंचाते थे।

हॉस्टल और कॉलेज थे निशाने पर

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह का नेटवर्क नोएडा और एनसीआर के हॉस्टलों तथा कॉलेजों तक फैला था। पढ़ने वाले युवाओं और छात्रों को इस कारोबार के जरिए निशाना बनाया जा रहा था। ऑनलाइन संपर्क के बाद तय स्थानों पर गांजे की डिलीवरी की जाती थी।

मोबाइल से खुलेगा नेटवर्क का राज

डीसीपी प्रीति यादव के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 12 किलो अवैध गांजा, तस्करी में इस्तेमाल एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, जिससे व्हाट्सएप ग्रुपों, ग्राहकों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से कितने लोग जुड़े थे और एनसीआर के किन-किन शैक्षणिक संस्थानों तथा इलाकों में नशीले पदार्थ की सप्लाई की जा रही थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts