39 साल बाद फिर पर्दे पर लौटेगी राम-सीता की जोड़ी, फिल्म ‘नोटिस’ में दिखेंगे मेरठ के सांसद अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया

वेव्स ओटीटी पर आज रिलीज होगी फिल्म, आम आदमी की सरकारी व्यवस्था से लड़ाई और न्याय की उम्मीद पर आधारित है कहानी

मेरठ। रामायण के राम और सीता की लोकप्रिय जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के सामने आने जा रही है। करीब 39 साल बाद अभिनेता एवं मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद अरुण गोविल और अभिनेत्री दीपिका चिखलिया फिल्म ‘नोटिस’ में एक साथ नजर आएंगे। अरुण गोविल इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म शुक्रवार को वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।

रामानंद सागर के चर्चित धारावाहिक रामायण में भगवान श्रीराम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल और माता सीता की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखलिया की जोड़ी को एक बार फिर पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए खास होगा।

आम आदमी की लड़ाई को दिखाएगी फिल्म

फिल्म की कहानी आम नागरिक के संघर्ष, न्याय की उम्मीद और प्रभावशाली लोगों के सामने सरकारी व्यवस्था से लड़ने की चुनौती पर आधारित है। अरुण गोविल फिल्म में नारायण गुप्ता का किरदार निभा रहे हैं। इसके माध्यम से एक सामान्य परिवार की व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष को भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म में ‘पंचायत’ फेम अभिनेता पंकज झा भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। इनके अलावा आदित्य रघुवंशी, त्रिपुरारी यादव, ठाकुर राजवीर सिंह, नगिना बोपचे, मेनिका राय, सुनील कुमार सिंह और महेंद्र प्रताप सिंह सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया है।

राम अवध में आए गीत भी खास आकर्षण

फिल्म का निर्माण, लेखन और अभिनय आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी ने किया है, जबकि निर्देशन प्रदीप गुप्ता ने किया है। पटकथा और संवाद एबी मोहन तथा अमृत राज ने लिखे हैं।

फिल्म में कैलाश खेर और अंकिता चौहान की आवाज में प्रभु श्रीराम और चित्रकूट की पावन धरती को समर्पित गीत ‘राम अवध में आए’ खास आकर्षण है। इसके अलावा लोकसंगीत पर आधारित गीत ‘ना रगड़ा ना रौब’ भी शामिल है।

वास्तविक घटनाओं से मिली कहानी की प्रेरणा

निर्माता एवं लेखक आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी के अनुसार, फिल्म की कहानी वास्तविक घटनाओं और समाज में आम आदमी के सामने आने वाली चुनौतियों से प्रेरित है। उनका कहना है कि दर्शकों को फिल्म में अपनी जिंदगी से जुड़ी परिस्थितियां और संघर्ष दिखाई देंगे। इससे पहले आदित्य ‘पगलेआजम’ और ‘लाल मिर्च’ जैसी फिल्मों से भी जुड़े रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts