दीपावली पर मेरठ में सात दिन का ट्रैफिक प्लान लागू, भैंसाली बस अड्डे जाने वाली बसों के रूट बदले

5 से 11 नवंबर तक सुबह सात से रात दो बजे तक डायवर्जन; आबूलेन में सभी वाहनों की नो एंट्री, बेगमपुल से भारी वाहनों का प्रवेश 24 घंटे प्रतिबंधित

मेरठ। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर का विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 5 नवंबर से 11 नवंबर तक शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और तिराहों पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों और नागरिक पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस दौरान प्रतिदिन सुबह सात बजे से रात दो बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं, कुछ मार्गों पर भारी वाहनों की नो एंट्री 24 घंटे प्रभावी रहेगी।

भैंसाली बस अड्डे आने वाली बसों के बदले रूट

रूट नंबर-1 : मुजफ्फरनगर, बिजनौर और हरिद्वार की ओर से आने वाली बसें

भैंसाली बस अड्डे आने वाली रोडवेज बसें जादूगर चौराहे से रजबन बाजार, नैन्सी चौराहा, औघड़नाथ मंदिर और बालाजी मंदिर मोड़ होते हुए एसडी सदर स्कूल के सामने से बाईं ओर मुड़कर थाना सदर के रास्ते भैंसाली बस अड्डे पहुंचेंगी।

रूट नंबर-2 : वैकल्पिक मार्ग

मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और बिजनौर की ओर से आने वाली बसें औघड़नाथ मंदिर से आगे मूक-बधिर स्कूल रोड पर बाईं ओर मुड़कर मेरठ गर्ल्स पब्लिक स्कूल के पीछे से गुरु तेग बहादुर स्कूल होते हुए जली कोठी चौराहे के रास्ते भैंसाली बस अड्डे पहुंच सकेंगी।

दिल्ली-गाजियाबाद से आने वाली बसों का रूट

दिल्ली और गाजियाबाद की ओर से भैंसाली बस अड्डे आने वाली रोडवेज बसें परतापुर इंटरचेंज से एनएच-58 होते हुए रोहटा फ्लाईओवर के नीचे से दाईं ओर मुड़ेंगी। इसके बाद रोहटा रोड, रेलवे फ्लाईओवर, डिपो फाटक और मूक-बधिर स्कूल रोड से बाईं ओर मुड़कर मेरठ गर्ल्स पब्लिक स्कूल के पीछे से गुरु तेग बहादुर स्कूल और जली कोठी होते हुए भैंसाली बस अड्डे पहुंचेंगी।

सोहराब गेट से भैंसाली जाने वाली बसें

सोहराब गेट बस अड्डे से भैंसाली जाने वाली रोडवेज बसों को गांधी आश्रम चौराहे से हंस चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये बसें सीताराम पुलिया से सर्किट हाउस होते हुए साकेत चौराहा, बाउंड्री रोड, जिरोमाइल चौराहा, रजबन बाजार, नैन्सी चौराहा, औघड़नाथ मंदिर और बालाजी मंदिर मोड़ से थाना सदर होते हुए भैंसाली पहुंचेंगी।

इसके अलावा औघड़नाथ मंदिर से मूक-बधिर स्कूल रोड, मेरठ गर्ल्स पब्लिक स्कूल के पीछे और गुरु तेग बहादुर स्कूल होते हुए जली कोठी के रास्ते भी बसें भैंसाली पहुंच सकेंगी।

प्रमुख बाजारों में वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध

त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है।

  1. को-ऑपरेटिव चौराहा: को-ऑपरेटिव चौराहे से पीएल शर्मा रोड होते हुए बेगमपुल की ओर चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

  2. खैरनगर बाजार: खैरनगर चौराहे से खैरनगर मार्केट और वैली बाजार चौराहे की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

  3. घंटाघर: घंटाघर से वैली बाजार चौराहे की ओर सभी प्रकार के वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।

  4. कबाड़ी बाजार: ब्रह्मपुरी चौराहा, प्याऊ चौराहा और शिव चौक पत्थरवालान से कबाड़ी बाजार, वैली बाजार और सर्राफा मार्केट की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

  5. शहर कोतवाली: शहर कोतवाली की ओर से सर्राफा मार्केट की तरफ चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे।

आबूलेन में सभी वाहनों की नो एंट्री

धनतेरस और दीपावली पर आबूलेन बाजार में विशेष मेले और लाइटिंग व्यवस्था के चलते सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बेगमपुल से हापुड़ रोड तक भारी वाहनों की नो एंट्री भी 24 घंटे लागू रहेगी। यह व्यवस्था 5 से 11 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।

भारी वाहनों के लिए रात में रूट डायवर्जन

शहर में भारी वाहनों के आवागमन के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है।

  • मुजफ्फरनगर और रुड़की की ओर से आने वाले वाहन: जिन्हें गढ़, मुरादाबाद और हापुड़ जाना है, वे जिरोमाइल चौराहे से कमिश्नर आवास, जेल चुंगी, यूनिवर्सिटी रोड और तेजगढ़ी होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

  • गढ़ और मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहन: जिन्हें मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत जाना है, वे तेजगढ़ी से जेल चुंगी, कमिश्नर आवास और जिरोमाइल होते हुए जा सकेंगे। बागपत जाने वाले वाहन एल-ब्लॉक से बिजली बंबा बाईपास का रास्ता अपना सकेंगे।

  • एल-ब्लॉक तिराहे से हापुड़ स्टैंड: इस मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ऐसे वाहन तेजगढ़ी, यूनिवर्सिटी और जेल चुंगी मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

  • बागपत की ओर से आने वाले वाहन: गढ़, मुरादाबाद और हापुड़ जाने वाले भारी वाहनों को फुटबॉल चौक से दैनिक जागरण तिराहे और बिजली बंबा बाईपास होते हुए भेजा जाएगा।

  • बेगमपुल से खूनी पुल तक: दीपावली मेले और लाइटिंग व्यवस्था के चलते बेगमपुल से खूनी पुल, राजकीय इंटर कॉलेज और भैंसाली अड्डे से बेगमपुल तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन 24 घंटे प्रतिबंधित रहेगा। इसमें रोडवेज और सिटी बसें भी शामिल हैं।

यातायात पुलिस की अपील: त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ और जाम से बचने के लिए वाहन चालक निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। बाजारों में अनावश्यक वाहन लेकर जाने से बचें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts