नेपाल में बर्फीले तूफान के बीच छह भारतीय पर्यटक लापता, रेस्क्यू के लिए मांगा हेलीकॉप्टर

दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल, नुमला-वागला पास के बीच टूटा संपर्क; नेपाली सेना ने संभाला मोर्चा

सिद्धार्थनगर। नेपाल के डोल्पा जिले में भारी बर्फबारी के बीच छह भारतीय पर्यटक लापता हो गए हैं। इनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटक शे-फोक्सुंडो झील की ओर लौटते समय नुमला और वागला पास के बीच बर्फ में फंस गए हैं। उनसे संपर्क नहीं हो पाने के कारण प्रशासन ने तलाश और सुरक्षित निकासी के लिए हेलीकॉप्टर की मांग की है। नेपाली सेना की टीम को भी बचाव अभियान में लगाया गया है।

मौसम की चेतावनी के बावजूद दुर्गम रास्ते पर बढ़े

नेपाल से मिली जानकारी के अनुसार, पर्यटक डोल्पो बुद्ध गांवपालिका से धोबाट होते हुए शे-फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान भारी हिमपात की चपेट में आ गए। शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के वार्ड नंबर चार और आठ के बीच स्थित नुमला और वागला पास क्षेत्र में उनका संपर्क टूट गया। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है। ऐसे में पर्यटकों के बर्फ में फंसने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय गाइडों और लोगों ने पर्यटकों को खराब मौसम तथा पहाड़ी रास्तों पर बर्फ जमने के खतरे के प्रति आगाह किया था। इसके बावजूद वे दुर्गम क्षेत्र की ओर बढ़ गए। वापसी के दौरान रास्ते में फंसने की आशंका है।

मोबाइल नेटवर्क नहीं, संपर्क करना मुश्किल

डोल्पा की प्रमुख जिला अधिकारी जुनु हमाल ने बताया कि पर्यटक धोबाट से फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें मौसम की प्रतिकूल स्थिति की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद भी वे आगे बढ़े। शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के अध्यक्ष धावा सम्दुक गुरूंग के अनुसार, दोनों पहाड़ी दर्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। संचार सुविधा नहीं होने के कारण पर्यटकों की स्थिति का पता लगाने में परेशानी हो रही है।

244 पर्यटक उपल्लो डोल्पा में मौजूद

जिला प्रशासन कार्यालय के अनुसार, उपल्लो डोल्पा क्षेत्र में फिलहाल 244 पर्यटक मौजूद हैं। इनमें 149 नेपाली, 44 सार्क देशों के और 51 अन्य विदेशी नागरिक हैं। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए सभी पर्यटकों से जोखिम वाले क्षेत्रों में नहीं जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

हेलीकॉप्टर से तलाश की तैयारी

डोल्पा के पुलिस उपाधीक्षक अनिलराज गिरी ने बताया कि छहों भारतीय पर्यटकों से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। उनकी तलाश और सुरक्षित निकासी के लिए संबंधित निकायों से हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। भारी बर्फबारी, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। नेपाली सेना और प्रशासन की टीमें पर्यटकों की तलाश में जुटी हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts