‘ज्ञानेश कुमार को हटाना हमारा पहला कदम होगा’, राहुल गांधी ने महारैली में भरी हुंकार
रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, राहुल ने चुनाव आयोग पर लगाए वोट चोरी के आरोप; खरगे ने दिया ‘मोदी हटाओ’ का नारा
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की महारैली में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें हटाना विपक्ष का पहला कदम होगा। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार को सीईसी पद से हटाकर जेल भेजा जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे भी चैन से नहीं सो पा रहे हैं। राहुल ने कहा कि हम किसी से नफरत नहीं करते, लेकिन लोकतंत्र और देश की आवाज को दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम काटने का आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद देश के करीब 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। उन्होंने 2024 के चुनाव को गैरकानूनी और वोटों की चोरी वाला चुनाव बताया। राहुल ने मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक के चुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन राज्यों में भी मतदाता सूची में हेरफेर और ईवीएम के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।
उन्होंने कहा कि यह मामूली चोरी नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के मतदान के अधिकार की चोरी है। राहुल ने आरोप लगाया कि आरएसएस ने संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि इसका असर किसानों, मजदूरों और युवाओं के अधिकारों पर पड़ रहा है।
अडानी-अंबानी को लेकर सरकार पर हमला
राहुल गांधी ने कहा कि देश का पैसा अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों के पास जा रहा है, जबकि किसान कर्ज नहीं चुका पाता तो उसे परेशान किया जाता है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा फल और युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए। देश में नफरत के बजाय मोहब्बत और भाईचारे का माहौल होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनका किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। नरेंद्र मोदी, अमित शाह या ज्ञानेश कुमार से भी उनकी नफरत नहीं है, लेकिन लोकतंत्र और नागरिकों की आवाज पर हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए।
खरगे ने लगाया ‘मोदी हटाओ’ का नारा
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को बांटने और उनके मतदान के अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। खरगे ने सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष को डराने का प्रयास किया जा रहा है।
खरगे ने महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने विपक्षी दलों से एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की। अपने संबोधन में उन्होंने ‘मोदी हटाओ, लोकतंत्र मजबूत बनाओ’ का नारा देते हुए कहा कि लोकतंत्र और देश को मजबूत करने के लिए विपक्ष को मिलकर आवाज उठानी होगी।





No comments:
Post a Comment