नेपाल की जेल में सुरंग खोदकर आठ कैदी फरार, 34 पुलिसकर्मियों की टीम तलाश में जुटी

4.30 मीटर लंबी सुरंग बनाकर जेल की बाहरी दीवार तक पहुंचे कैदी, दुष्कर्म और चोरी के मामलों में बंद थे आरोपी

सिद्धार्थनगर। नेपाल के डोल्पा जिले के दुनै स्थित जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए आठ कैदी सुरंग खोदकर फरार हो गए। शुक्रवार रात हुई इस घटना का पता शनिवार सुबह चला तो पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। कैदियों ने अपने सोने वाले कमरे से जेल की बाहरी परिधि तक करीब 4.30 मीटर लंबी सुरंग खोदी और इसी रास्ते फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए डीएसपी के नेतृत्व में 34 पुलिसकर्मियों की टीम लगाई गई है।

दुष्कर्म और चोरी के आरोपी शामिल

फरार कैदियों में पांच दुष्कर्म के मामलों में बंद थे। इनमें रुकुम पश्चिम के राम बीके (32), डोल्पा के कालीप्रसाद रोकाया (29), सल्यान के रेशम राना (28), जाजरकोट के यज्ञ बीके (25) और डोल्पा के धन बुढ़ा उर्फ हरिबहादुर बुढ़ा (28) शामिल हैं।

वहीं, चोरी के मामलों में बंद कैलाश उर्फ कपिल परियार (19), तिलक भंडारी (38) और आदेश भंडारी (32) भी फरार होने वालों में शामिल हैं। इनमें तिलक और आदेश विचाराधीन बंदी थे।

चारों दिशाओं में भेजी गईं पुलिस टीमें

डोल्पा के पुलिस प्रमुख अनिलराज गिरी ने आठ कैदियों के फरार होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी के नेतृत्व में 34 पुलिसकर्मियों की टीम ने जेल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फरार कैदियों की तलाश के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों को भेजा गया।

कर्णाली प्रदेश के पुलिस प्रमुख डीआईजी जयराज सापकोटा के अनुसार, कैदियों की तलाश चारों दिशाओं में की जा रही है। उनके संभावित ठिकानों और आवाजाही वाले क्षेत्रों पर भी नजर रखी जा रही है।

जेल की सुरक्षा पर उठे सवाल

एक साथ आठ कैदियों का सुरंग खोदकर फरार होना जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाशी अभियान तेज कर दिया है। घटनास्थल की विस्तृत जांच के बाद फरारी से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts