समय के सफर से एआई और रोबोटिक्स के युग तक पहुंची समर वैली के विद्यार्थियों की प्रस्तुति
32वें स्थापना दिवस पर ‘वक्त के पन्नों पर हमारी कहानी’ नाटक ने बांधा समां, 900 छात्र-छात्राओं ने बिखेरी प्रतिभा
देहरादून। समर वैली विद्यालय परिसर में रविवार, 1 नवंबर को 32वां वार्षिक स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह में समर वैली और सन वैली विद्यालय के करीब 900 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उद्योग मित्र के सदस्य शांतनु बिष्ट रहे। उनके प्रेरणादायी संबोधन ने विद्यार्थियों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
नाटक में दिखाया समय का बदलता स्वरूप
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘वक्त के पन्नों पर हमारी कहानी’ नाटक रहा। विद्यार्थियों ने इसके माध्यम से मनुष्य और समय के बीच के संबंध को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। ब्रह्मांड की उत्पत्ति से शुरू हुई यह नाट्य यात्रा भारतीय विरासत और सांस्कृतिक धरोहर से होती हुई कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रोबोटिक्स के आधुनिक युग तक पहुंची। प्रस्तुति ने समय के साथ मानव जीवन में आए बदलावों को सजीव रूप में मंच पर उतारा।
नृत्य और संगीत ने बांधा समां
फ्लेमिंगो डांस, चाइनीज डांस, ‘इन्वेंटर्स ड्रीम’, रोबोटिक डांस और भारतीय शास्त्रीय नृत्यों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने नृत्य और मधुर संगीत के जरिए दर्शकों का मन मोह लिया। मंच को जीवंत बनाने के लिए विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रॉप्स भी तैयार किए थे।
मेधावी विद्यार्थियों और कर्मचारियों का सम्मान
समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए आईसीएसई और आईएससी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कक्षा दस और ग्यारह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कक्षा 12 के आठ विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और रोलिंग ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय ने 10, 15 और 20 वर्षों की दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं के लिए शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। समारोह विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत, समर्पण तथा सामूहिक प्रयासों का शानदार उदाहरण बना।


No comments:
Post a Comment