पिकनिक की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से टकराई कार; तीन दोस्तों की मौत, तीन जिंदगी और मौत से जूझ रहे

वाल्मीकिनगर से लौटते समय रास्ते में अचानक सामने आई बकरी को बचाने में हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे; मृतकों की उम्र महज 20 से 24 साल

बगहा। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। वाल्मीकिनगर में पिकनिक मनाकर घर लौट रहे छह दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक करीब 20 से 24 वर्ष की उम्र के बताए जा रहे हैं।

हादसा छोटकी पट्टी-भैरोगंज मुख्य मार्ग पर खोड़ा परसा गांव के पास हुआ। बताया गया कि शिकारपुर थाना क्षेत्र के नवलपरासी निवासी छह युवक मारुति कार से वाल्मीकिनगर घूमने और पिकनिक मनाने गए थे। शाम को सभी हंसी-खुशी घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक बकरी आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण कि कार में फंस गए सभी युवक

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। नगर थाना की 112 पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचते ही तीन दोस्तों ने तोड़ा दम

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद धनेश कुमार (20), आलोक कुमार और कृष्णा कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अरविंद कुमार, अमीर कुमार और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

अस्पताल में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजन अपनों के शव देखकर बेसुध हो गए। जिन घरों में कुछ देर पहले तक युवकों के पिकनिक से लौटने का इंतजार था, वहां अचानक मातम छा गया। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts